जींद में हनी ट्रैप: ब्लैकमेल करने वाली महिला गिरफ्तार, अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर करती थी वसूली
हन्नी ट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल कर 50 हजार रुपये मांगने की आरोपी महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.

Published : July 15, 2025 at 8:09 PM IST
जींदः सिविल लाइन थाना पुलिस ने रोडवेज से सेवानिवृत्त कर्मी को हनीट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल करने की आरोपी महिला को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया है. महिला पर आरोप है की उसने अश्लील वीडियो बनाया. वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर लगातार रुपये ऐंठ रही थी. पुलिस ने महिला के खिलाफ ब्लैकमेल कर अवैध वसूली करने समेत भारतीय न्याय संहिता के विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
वीडियो डिलीट करने की एवज में करती थी वसूलीः गोहाना निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह रोडवेज से सेवानिवृत है. कुछ समय पहले उसका संपर्क जुलाना थाना इलाका की एक महिला से हुआ. महिला ने उसके निजी क्षणों की अश्लील वीडियो बना ली. इसके बाद महिला ने वीडियो वायरल करने धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया. वीडियो डिलीट करने की एवज में महिला पहले भी उससे रुपये ऐंठ चुकी है. अब फिर से महिला पचास हजार रुपये की डिमांड कर रही है.
पुलिस के बिछाए जाल में फंस गई महिलाः शिकायत के आधार जुलाना की तहसीलदार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया. छापेमारी की कमान सिविल लाइन थाना प्रभारी ने संभाली. संपर्क साधने पर महिला ने शिकायतकर्ता को राजकीय महिला महाविद्यालय के निकट गली में होटल के सामने बुला लिया. शिकायतकर्ता ने जब पचास हजार रुपये महिला को थमाए तो सादे कपड़ों में तैनात पुलिसकर्मियों ने महिला को काबू कर लिया.
ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में तलाशी लेने पर उसके कब्जे से पचास हजार रुपये की राशि बरामद की गई. सिविल लाइन थाना पुलिस ने व्यक्ति की शिकायत पर आरोपी महिला के खिलाफ ब्लैकमेल करने, अवैध वसूली करने समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
आरोपी महिला से पूछताछ जारीः मंगलवार को सिविल लाइन थाना प्रभारी बलजीत सिंह ने बताया कि महिला पर ब्लैकमेल कर राशि ऐंठने की शिकायत मिली थी. ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूगी में महिला को पचास हजार रुपये ऐंठते पकड़ा गया है. फिलहाल मामला दर्ज कर लिया गया है. पूछताछ जारी है.

