झारखंड को मिलेंगे 126 नए डॉक्टर, स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी सौंपेंगे नियुक्ति पत्र
झारखंड को जल्द ही 126 नए डॉक्टर मिलेंगे. 22 जुलाई को स्वास्थ्य मंत्री उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपेंगे.

Published : July 11, 2025 at 10:35 PM IST
रांची:डॉक्टरों की घोर कमी से जूझ रहे झारखंड की जनता को 22 जुलाई को 126 नए डॉक्टर्स मिलने वाले हैं. राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूती प्रदान करने और आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में यह एक सार्थक कदम साबित होगा.
उन्होंने बताया कि 126 विशेषज्ञ चिकित्सा अधिकारी (SMO) और 91 सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO) की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी कर ली गई है. एनएचएम (राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन) द्वारा सभी चयनित अधिकारियों के ऑफर लेटर तैयार किए जा रहे हैं. 22 जुलाई को वह खुद सभी को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे.
स्वास्थ्य मंत्री ने दावा किया कि राज्य गठन के बाद अब तक की सबसे बड़ी चिकित्सक नियुक्ति है, जो झारखंड के स्वास्थ्य इतिहास में एक मील का पत्थर साबित होगा.
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि मैं स्वयं एक डॉक्टर हूं, मुझे सिस्टम की हर कमजोरी और जरूरत की जानकारी है. डॉक्टरों की कमी दूर करना मेरी पहली प्राथमिकता है. झारखंड के हर जिले में अब पर्याप्त विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति की जा रही है, जिससे मरीजों को बेहतर इलाज उनके घर के पास ही उपलब्ध हो सकेगा और उन्हें बाहर रेफर करने की जरूरत न पड़े.
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि कई बार डॉक्टर दूर-दराज के क्षेत्रों में पोस्टिंग से बचते हैं, क्योंकि वेतन और सुरक्षा की चिंता रहती है, लेकिन मैंने सिस्टम को बदला है. डॉक्टरों से उनकी इच्छानुसार स्थान चयन कराया गया है और उन्हें सम्मानजनक वेतन व पूरी सुरक्षा की गारंटी दी गई है.
संथाल परगना जैसे पिछड़े क्षेत्रों में विशेष ध्यान देते हुए अधिक संख्या में डॉक्टरों की नियुक्ति की गई है. जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र में भी पर्याप्त विशेषज्ञों की बहाली की गई है, जिससे आने वाले दिनों में इसका असर सीधे जनता की सेहत पर दिखेगा.
डॉ. अंसारी ने जोर देकर कहा कि मेरे नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग ने जो परिवर्तन की गति पकड़ी है. अब जब एक डॉक्टर विभाग से जुड़ता है, तो पूरा सिस्टम बदलता है.
ये भी पढ़ेंः
मरीजों को बेहतर इलाज के लिए अब नहीं करना पड़ेगा पलायन, जल्द लोहरदगा में होने वाला है ये बड़ा काम

