झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स की मांगः गैर-मजरूआ जमीन से संबंधित हाईकोर्ट का फैसला लागू करे सरकार
झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स ने गैर-मजरूआ जमीन से संबंधित मुद्दे पर झारखंड हाईकोर्ट के फैसले को लागू करने की मांग सरकार से की है.

Published : May 22, 2025 at 9:09 PM IST
रांची: गैर-मजरूआ जमीन से संबंधित मुद्दे पर झारखंड हाईकोर्ट द्वारा दिए गए फैसले को लागू करने की मांग चैंबर ऑफ कॉमर्स ने की है.
गुरुवार 22 मई को चैंबर भवन में प्रेस वार्ता के दौरान चैंबर अध्यक्ष परेश गट्टानी ने कहा कि हम सरकार से मांग करते हैं कि तत्काल प्रभाव से सभी डीसी को गैर मजरूआ जमीन की रजिस्ट्री करना, दाखिल-खारिज करना और रसीद काटना आरंभ करने का आदेश जारी किया जाए. इससे उद्योग लगाने में आसानी होगी, क्योंकि रसीद कटने के बाद बैंक से ऋण की आसान उपलब्धता भी सुनिश्चित हो सकेगी. इससे सरकार को भी कई माध्यम से राजस्व की प्राप्ति होगी और विकास की गति बढ़ेगी.
परेश गट्टानी ने कहा कि सीएनटी-एसपीटी एक्ट के कारण झारखंड में पहले से ही उद्योग लगाने में भूमि से संबंधित एक जटिल समस्या हमेशा बनी रहती है. उसके बावजूद पूर्व की सरकार ने दिनांक 26.08.2015 को पूरे राज्य में गैर-मजरूआ जमीन की रजिस्ट्री, दाखिल-खारिज और रसीद काटना बंद कर दिया था. जिस कारण झारखंड में बड़े-बड़े उद्योगों और व्यापारियों को बड़ा झटका लगा था. जो भूमि पट्टा बैंक में मॉरगेज था उसे बैंक द्वारा आदेश पारित कर दूसरी कॉल लेटर सिक्योरिटी देने की बात कहते हुए लोन बंद करने की धमकी दी थी.
राजस्व मंत्री के आश्वासन को दिलायी याद
लैंड रिफार्म उप समिति के चेयरमैन रमेश कुमार साहू और कार्तिक प्रभात ने संयुक्त रूप से कहा कि दिनांक 5 मई 2025 को झारखंड उच्च न्यायालय ने इस रोक को आदेश संख्या 2025JHHC:13251-DB के माध्यम से हटा दिया और झारखंड में रहनेवाले करोड़ों लोगों की जन भावना को सम्मान दिलाया. हम न्यायालय के आदेश का सम्मान करते हैं, लेकिन चिंतनीय यह है कि 20 दिन बीतने के बावजूद अब तक सरकार ने इस पर कोई कदम नहीं उठाया है. उन्होंने कहा कि हम भू राजस्व मंत्री को भी यह स्मरण कराना चाहेंगे कि आपने विधानसभा सत्र के दौरान सदन में यह आश्वासन दिया था कि 45 दिनों के अंदर खासमहाल भूमि को रेगुलराइज कर दिया जाएगा, लेकिन लगभग 75 दिन हो गए पर अब तक इस पर कोई पहल नहीं की गई है.
मंत्री और सचिव से मुलाकात करेगा प्रतिनिधिमंडल
चैंबर महासचिव आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि इस संबंध में झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स अपने 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ भू-राजस्व मंत्री और विभागीय सचिव से मुलाकात करेगा. सरकार के स्तर से सकारात्मक निर्णय नहीं आने पर हम ठोस कार्रवाई के लिए बाध्य होंगे. उन्होंने कहा कि चैंबर में इस तरह की शिकायतें भी आई हैं कि धनबाद के शहरी इलाकों में उच्च न्यायालय के आदेश के बावजूद रसीद काटने और रजिस्ट्री में रोक हटाने की प्रक्रिया नहीं की जा रही है, जो कि पूर्णतः उच्च न्यायालय के आदेश की अवहेलना है.
ये भी पढ़ें-
तुर्किये और अजरबैजान का ट्रेड बॉयकॉट करेंगे झारखंड के व्यवसायी, चैंबर ने लिया फैसला
व्यवसायियों पर हो रहे हमले से चैंबर ऑफ कॉमर्स नाराज, पुलिस प्रशासन पर खड़े किए सवाल
झारखंड में 50 साल से लटका है भूमि सर्वेक्षण का काम, हाईकोर्ट गंभीर, राजस्व सचिव से मांगा जवाब

