बीजेपी का आक्रोश प्रदर्शन, सूर्या हांसदा एनकाउंटर और रिम्स 2 मुद्दे पर सरकार का घेराव
बीजेपी ने राज्य के विभिन्न जिलों में राज्य सरकार के खिलाफ आक्रोश रैली निकालकर सूर्या हांसदा एनकाउंटर की सीबीआई जांच कराने की मांग की.

Published : September 11, 2025 at 4:53 PM IST
|Updated : September 11, 2025 at 7:03 PM IST
रांची/पाकुड़/जामताड़ा: आदिवासी नेता सूर्या हांसदा एनकाउंटर मामले की सीबीआई जांच और रिम्स 2 के लिए अधिगृहित जमीन, किसानों के लिए छोड़ने की मांग पर बीजेपी ने रांची में आक्रोश मार्च निकालकर प्रदर्शन किया.
राजधानी रांची में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में आक्रोश रैली निकाली गई. आक्रोश रैली राजधानी के शहीद चौक स्थित जिला स्कूल से उपायुक्त कार्यालय पहुंची. इस दौरान बीजेपी कार्यकर्ता और नेताओं ने सरकार विरोधी नारा लगाए.
सूर्या हांसदा एनकाउंटर की होनी चाहिए सीबीआई जांच
बीजेपी प्रदेध अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने सूर्या हांसदा के पुलिस एनकाउंटर को संदेहास्पद बताते हुए इसकी सीबीआई जांच कराने की मांग की. उन्होंने कहा कि सरकार हठधर्मिता छोड़कर सीबीआई से जांच कराए ना कि सीआईडी से. बीजेपी नेता ने आरोप लगाते हुए कहा कि क्योंकि सीआईडी अपने ही राज्य की पुलिस के खिलाफ बेहतर जांच नहीं कर पायेगी. उन्होंने बताया कि पार्टी ने इन दोनों मुद्दे पर सदन से सड़क तक आंदोलन की घोषणा की थी. इसी के तहत बीजेपी कार्यकर्ता अब विधानसभा के बाद सड़क पर उतरे हैं और उपायुक्त के माध्यम राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा गया है.
झारखंड में आदिवासियों के साथ हो रहा है अन्याय
इस मौके पर रांची विधायक सीपी सिंह ने सरकार पर बोलते हुए कहा कि झारखंड में ये कैसी शासन व्यवस्था है वह सभी जान रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि एक आदिवासी मुख्यमंत्री के राज में आदिवासियों के साथ ज्यादती और उनकी हत्या तक कर दी जाती है.
10 अगस्त को हुआ था सूर्या हांसदा एनकाउंटर
दरअसल आदिवासी नेता सूर्या हांसदा के एनकाउंटर को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं. सूर्या हांसदा को 10 अगस्त की शाम पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया था. सूर्या हांसदा, गोड्डा जिले के बोआरीजोर ब्लॉक स्थित लालमटिया गांव के रहने वाले थे. सूर्या हांसदा के एनकाउंटर को हत्या बताकर उनके परिजनों ने मामले की जांच सीबीआई से कराने के लिए गुहार लगाई थी.
हेमंत सरकार द्वारा आदिवासी नेता सूर्या हांसदा की हत्या और रिम्स 2 निर्माण के नाम पर आदिवासियों की जमीन लूटने के खिलाफ आज रांची में प्रदेश भाजपा द्वारा आयोजित आक्रोश प्रदर्शन में हजारों कार्यकर्ताओं के साथ शामिल हुआ।
— Babulal Marandi (@yourBabulal) September 11, 2025
भाजपा आदिवासियों के हक और सम्मान की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक… pic.twitter.com/ouQkTbqYEv
पाकुड़ में बीजेपी का आक्रोश प्रदर्शन
गोड्डा जिले में बीते दिनों पुलिस द्वारा सूर्या हांसदा का एनकाउंटर किये जाने एवं रिम्स-2 के नाम पर आदिवासियों की जमीन छीनने के विरोध में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया. इस दौरान सैकड़ों बीजेपी कार्यकर्ताओ ने मुख्यमंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
प्रावधान के विपरीत काम कर रही है सरकार: बीजेपी जिला अध्यक्ष
विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे बीजेपी जिलाध्यक्ष अमृत पांडेय ने बताया कि हेमंत सोरेन की सरकार प्रावधान के विपरीत काम कर रही है और सरकार के गलत कार्य एवं अवैध माइनिंग, परिवहन के खिलाफ आवाज उठाने वाले आदिवासी नेता और सामाजिक कार्यकर्ता सूर्या हांसदा का फर्जी एनकाउंटर किया जाता है. जिसकी वजह से झारखंड के लोगों में भारी आक्रोश है.
उपजाऊ जमीन छीनने की कोशिश कर रही है राज्य सरकार: बीजेपी
पाकुड़ बीजेपी जिलाध्यक्ष ने बताया कि इस सरकार के विरोध में बोलने वाले की आवाज दबा दी जाती है और इसी के विरोध में बीजेपी कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. बीजेपी जिला अध्यक्ष ने कहा कि नगड़ी की जमीन जिस तरह बिहार सरकार ने हड़पने की कोशिश की थी ठीक वैसे ही हेमंत सोरेन की सरकार उपजाऊ जमीन को हड़पने का काम कर रही है.
राज्य सरकार का बीजेपी करेगी विरोध
आखिर में बीजेपी नेता अमृत पांडेय ने कहा कि हेमंत सोरेन की गलत नीतियों का बीजेपी इसी तरह सड़क पर विरोध करेगी और राज्य की जनता के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं करेगी. इस दौरान पाकुड़ में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय के रथ मेला मैदान से विरोध मार्च निकाला और पुराना सदर अस्पताल के निकट पहुंचकर विरोध जताया. प्रदर्शन खत्म होने के बाद बीजेपी नेताओं अधिकारियों के समक्ष ज्ञापन सौंपा.
जामताड़ा में पूर्व मंत्री एवं बीजेपी नेता अमर बाउरी ने वर्तमान हेमंत सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने ने राज्य सरकार को आदिवासी विरोधी बताते हुए कहा कि जिस आदिवासी से जल, जंगल और जमीन की रक्षा के नाम पर हेमंत सरकार ने वोट मिले आज वही सरकार जबरन आदिवासियों की जमीन को रिम्स टू बनाने के लिए जमीन अधिग्रहण पर अड़ी है. उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि आदिवासियों के नाम पर सरकार ने वोट तो लिया लेकिन सरकार में आने के बाद आदिवासी के साथ गद्दारी करने का काम इस सरकार ने किया है.
सूर्या हांसदा एनकाउंटर की होनी चाहिए CBI जांच
बीजेपी नेता अमर बाउरी ने सूर्या हांसदा एनकाउंटर मामले की जांच सीबीआई से कराने और रिम्स टू जमीन अधिग्रहण पर रोक लगाने की मांग की. पूर्व मंत्री ने आरोप लगाते हुए कहा कि सूर्या हांसदा की हत्या की गई है इसकी सीबीआई जांच होनी चाहिए और नगरी में आदिवासी के जमीन के अधिग्रहण का रोक लगने चाहिए.
आदिवासी हित के लिए बीजेपी करेगी आंदोलन
बीजेपी नेता अमर बाउरी ने कहा कि आदिवासी के हित और सुरक्षा के लिए बीजेपी उनके साथ खड़ी है और उनकी रक्षा के लिए आंदोलन करेगी. अमर बाउरी ने सरकार पर सिमर टोली में सारना धर्म का अपमान करने सिद्धू कान्हू हूल क्रांति पर वंशजों के साथ गोलीबारी में झूठा मुकदमा करने का आरोप लगाया.
क्यों लागू नहीं हुआ पेसा कानून?
बीजेपी नेता ने कहा कि पेसा कानून लागू क्यों नहीं हुआ है. आदिवासी हित की बात करने वाली सरकार पेसा कानून लागू नहीं कर पाई है, इससे उसके आदिवासी विरोधी होने का प्रमाण मिलता है. बीजेपी आदिवासियों को न्याय दिलाने और सुरक्षा के लिए खड़ी है. इससे पहले पूर्व मंत्री अमर बाउरी आंदोलन के तहत जामताड़ा प्रखंड कार्यालय पार्टी की ओर से प्रदर्शन में शामिल हुए.
ये भी पढ़ें: बाबूलाल मरांडी का सूर्या हांसदा एनकाउंटर और रिम्स-2 को लेकर सरकार पर हमला, बोले- बीजेपी करेगी 11 सितंबर को प्रदर्शन
सूर्या हांसदा एनकाउंटर पर बवाल, आदिवासी संगठनों का आक्रोश मार्च, सीबीआई जांच की मांग

