सेंट्रल जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहे युवक ने की खुदकुशी
जेल प्रशासन की सूचना पर लालकोठी थाना पुलिस पहुंची मौके पर. शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया.

Published : June 20, 2025 at 5:03 PM IST
जयपुर: राजधानी जयपुर की सेंट्रल जेल में एक कैदी ने खुदकुशी कर ली. उसका शव जेल के एक बाथरूम में मिला. इसके बाद जेल में हड़कंप मच गया. जेल प्रशासन की सूचना पर लालकोठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सवाई मानसिंह अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया. सजायाफ्ता कैदी साल 2022 से जेल में बंद था. वह एक किन्नर की हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था.
तीन साल से जेल में था : लालकोठी थानाधिकारी बन्नालाल ने बताया कि जयपुर के बगरू वालों का रास्ता निवासी नरेश मूलानी उर्फ निशु तीन साल से जेल में था. वह नाहरगढ़ इलाके में एक किन्नर की हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था. वह जयपुर सेंट्रल जेल के बैरक नंबर 8 में बंद था.
अन्य बंदी बाथरूम में गए तो मिली जानकारी : जेल प्रशासन की ओर से पुलिस को बताया गया कि गुरुवार रात को नरेश बाथरूम में गया और वहां खुदकुशी कर ली. अन्य बंदी बाथरूम में गए तब पूरे मामले की जानकारी मिली. इसके बाद जेल प्रशासन ने लालकोठी थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि लालकोठी थाना पुलिस जेल में पहुंची और जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सवाई मानसिंह अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया.
किन्नर की हत्या के बाद जेल में था युवक : उन्होंने बताया कि नरेश मूलानी उर्फ निशु ने साल 2022 में नाहरगढ़ इलाके में एक किन्नर की हत्या कर दी थी. इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भिजवा दिया था. किन्नर की हत्या के मामले में उसे आजीवन कारावास की सजा हुई थी. जिसके बाद से वह जेल के बैरक नंबर 8 में सजा काट रहा था.

