ETV Bharat / state

कांग्रेस विधायक के भाई का देर रात सड़क पर बर्थडे सेलिब्रेशन, भीड़ के बीच धांय-धांय

जबलपुर में कांग्रेस विधायक लखन घनघोरिया के भाई के बर्थडे सेलिब्रेशन में हर्ष फायरिंग. आरोपी के हथियार का लाइसेंस होगा निरस्त.

Jabalpur harsh firing case
कांग्रेस विधायक के भाई के बर्थडे सेलिब्रेशन में हवाई फायरिंग (ETV BHARAT)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : April 19, 2025 at 1:19 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

जबलपुर : मध्य प्रदेश में कमलनाथ सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे लखन घनघोरिया के भाई जय घनघोरिया के जन्मदिन के मौके समर्थकों ने जमकर हर्ष फायरिंग की. बर्थडे सेलिब्रेशन शुक्रवार देर रात तक जबलपुर की पूर्व विधानसभा क्षेत्र में मनाया गया. जय घनघोरिया के सैकड़ों समर्थक सड़क पर जश्न मनाते रहे. इसी दौरान पिस्टल से हवाई फायरिंग की गई. इस घटना का वीडियो वायरल हो रहा है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

हर्ष फायरिंग का वीडियो भी बनवाया

जबलपुर कोतवाली थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार ने बताया "हर्ष फायरिंग करने वाले शख्स का नाम अस्सू खान है." गौरतलब है कि अस्सू खान जय घनघोरिया का समर्थक है. हर्ष फायरिंग करने का आरोपी काग्रेस का सदस्य बताया जा रहा है. आरोपी ने हर्ष फायरिंग करने के दौरान अपना वीडियो भी बनवाया. अस्सू खान का एक भाई भारतीय जनता पार्टी में भी है. आरोपी इससे पहले भी इसी तरह हर्ष फायरिंग कर चुका है. हर्ष फायरिंग करने पर इसके खिलाफ एक मामला भी दर्ज है.

जबलपुर कोतवाली थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार (ETV BHARAT)

आरोपी की पिस्टल का लाइसेंस होगा निरस्त

जबलपुर कोतवाली थाना प्रभारी ने बताया कि सोशल मीडिया के जरिए यह वीडियो उनके संज्ञान में आया है. अस्सू खान जिस हथियार से फायरिंग कर रहा है, वह उसकी लाइसेंसी रिवाल्वर है. हवाई फायरिंग का आरोपी अस्सू खान टेंट हाउस का काम करता है. पुलिस ने अब उसके लाइसेंस को निरस्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी है. बता दें कि लोगों को बंदूक का लाइसेंस उनकी सुरक्षा के लिए दिया जाता है. लाइसेंस में इस बात का उल्लेख होता है कि हथियार धारक दुरुपयोग नहीं करेगा.

हर्ष फायरिंग पर पुलिस व प्रशासन सख्त

पुलिस और प्रशासन ने हर्ष फायरिंग की इस घटना को गंभीरता से लिया है. प्रशासन हथियार का लाइसेंस रद्द करने के साथ ही धारा 144 के तहत कार्रवाई करेगी. बता दें कि हर्ष फायरिंग की वजह से कई बार हादसे भी हो जाते हैं. जबलपुर में भी एक बारात के दौरान हर्ष फायरिंग के कारण एक लड़की की जान चली गई थी. इसलिए लोगों को हर्ष फायर करने से बचना चाहिए, क्योंकि यह गोली किसी की भी जान भी ले सकती है.