वॉकी टॉकी की मदद से एडवांस सटोरिए देते थे चकमा, पुलिस ने इस बार दिमाग लगा धर दबोचा
जबलपुर में सट्टा कारोबार का हुआ पर्दाफाश, पुलिस से बचने के लिए सटोरिए वॉकी टॉकी का करते थे इस्तेमाल.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : July 8, 2025 at 6:28 PM IST
जबलपुर: जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां कुछ सटोरिए लंबे समय से सट्टेबाजी संचालित करते थे. पुलिस ने जब छापा मारा तो उनके पास से वॉकी टॉकी मिली. सटोरिए इसी की मदद से पुलिस के चंगुल से अभी तक बचते आ रहे थे, क्योंकि पुलिस की छापामार कार्रवाई की जानकारी दूर खड़ा एक व्यक्ति वॉकी-टॉकी के माध्यय से सटोरियों के पास पहुंचा देता था. पुलिस इस बार अपनी रणनीति बदलकर सटोरियों को पकड़ने में कामयाब हो गई.
लंबे समय से पुलिस को मिल रही थी जानकारी
गोरखपुर थाना पुलिस को लंबे समय से जानकारी मिल रही थी कि आजाद चौक के पास बबलू सरफराज नाम का एक बदमाश सट्टे का कारोबार कर रहा है, लेकिन पुलिस उसे पकड़ नहीं पा रही थी. पुलिस को जब जानकारी मिलती थी तो छापा मारती थी, लेकिन मौके से कुछ भी नहीं मिलता था.
गोरखपुर थाने के सीएसपी महादेव नागोतीया ने बताया कि "हम यह समझ नहीं पा रहे थे कि आखिर बबलू सरफराज का सट्टा कारोबार पकड़ में क्यों नहीं आ रहा है. इस बार हमने अपनी रणनीति बदली और अचानक मौके पर पहुंचकर छापा मारा और इसके पहले की बबलू सरफराज और उसके साथी सतर्क हो पाए हमने उन्हें पकड़ लिया."

वॉकी टॉकी से पुलिस के मूवमेंट की मिल रही थी जानकारी
महादेव नागोतीया का कहना है कि "जब हमने इन्हें पकड़ा तब हमें यह पता लगा कि आखिर यह पुलिस से बच कैसे जाते थे. इन लोगों के पास एक हाई-फाई डिवाइस थी जिसमें कई एडवांस्ड वॉकी टॉकी थे. इनका कोई मुखबिर अड्डे से दूर थाने के आसपास कहीं बैठता था, जो वॉकी टॉकी पर इन्हें पुलिसी के मूवमेंट की जानकारी देता था. इसकी वजह से जब भी पुलिस इस सटोरिया के ठिकाने पर छापा मारने आती थी, उसके पहले ही यह मौके से फरार हो जाते थे."
'बाहर से अड्डे का अंदाजा लगाना मुश्किल'
सीएसपी ने कहा कि जिस घर में सट्टे का कारोबार हो रहा था, वह बाहर से देखने में झोपड़ीनुमा नजर आता है. इस वजह से बाहर से कोई अंदाजा नहीं लगा सकता कि अंदर कोई इतना बड़ा गैरकानूनी काम हो रहा होगा. पुलिस ने इस छापामार कार्यवाही में 2 वॉकी टॉकी, 30 हजार नगद और लाखों रुपए की सट्टा पट्टी पकड़ी गई है. यह पूरा हिसाब एक दिन का है इस तरीके से यदि देखा जाए तो यह लोग लाखों रुपए के सट्टे का कारोबार कर रहे थे.
- आईपीएल ऑनलाइन सट्टा गैंग का भंडाफोड़, कटनी पुलिस ने 5 आरोपियों को मुंबई से दबोचा
- रतलाम में IPL नहीं MCX पर सट्टा लगा रहे सटोरिये, ऑनलाइन सट्टा करते धरा गया बुकी
सरकारी जमीन हुई तो चलेगा बुलडोजर
पुलिस का कहना है कि वे इस बात की जांच भी कर रहे हैं कि बबलू सरफराज जिस घर से सट्टे का कारोबार कर रहा था, यदि वह घर सरकारी जमीन पर बना होगा तो इस जमीन को भी खाली करवाया जाएगा और सटोरिया के ठिकाने पर बुलडोजर चलेगा.

