ETV Bharat / state

खजराना गणेश मंदिर की टूटेगी पंरपरा, भगवान को डेढ़ लाख मोदक का लगेगा महाभोग

इंदौर के खजराना गणेश मंदिर में लगेगा डेढ़ लाख मोदक का महाभोग, गणेश उत्सव की तैयारियां जोर-शोर से जारी, भक्तों को मिलेंगे दिव्य दर्शन.

INDORE KHAJRANA GANESH TEMPLE
खजराना गणेश मंदिर में डेढ़ लाख मोदक का लगेगा महाभोग (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : August 25, 2025 at 4:13 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

इंदौर: पूरे देश में गणेश उत्सव की धूम मची हुई है. मुंबई के लालबागचा से लेकर खजराना गणेश मंदिर में तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं. इस साल भगवान गणेश 27 अगस्त को पधार रहे हैं. उनके भव्य स्वागत की तैयारियों में लोग जुटे हुए हैं. बाजारों से लेकर पंडालों तक चकाचौंध बढ़ गई है. दिन-रात एक करके भक्तगण अपनी-अपनी थीम के अनुसार बड़े-बड़े पंडाल बना रहे हैं. गजानन के आगमन की तैयारियों की एक झलक खजराना के गणेश मंदिर से सामने आई है. यहां पहली बार डेढ़ लाख मोदक का भोग लगाया जाएगा.

डेढ़ लाख मोदकों का लगेगा भोग

दरअसल, इंदौर के खजराना गणेश मंदिर में तिल चतुर्थी और गणेश उत्सव पर सवा लाख लड्डू और मोदक का भोग लगाने की परंपरा रही है. लेकिन इस साल यह परंपरा टूटने जा रही है, क्योंकि इस बार मंदिर प्रबंधन ने गणेश चतुर्थी पर डेढ़ लाख लड्डू व मोदक का भोग लगाने के लिए तय किया है. उन्होंने यह फैसला मंदिर आने वाले भक्तों की संख्या को देखते हुए लिया है. मंदिर प्रबंधन का कहना है कि "गणेश चतुर्थी को मंदिर दर्शन करने आने वाले हर भक्त को गजानन को अर्पित किया हुआ भोग प्रसाद के रूप में मिल सके. इसलिए यह निर्णय लिया गया है."

गणेश उत्सव की तैयारियां जोर-शोर से जारी (ETV Bharat)

30 हलवाई बना रहे मोदक

मंदिर परिसर में डेढ़ लाख मोदक का निर्माण किया जा रहा है, जो गणेश चतुर्थी के अवसर पर 27 अगस्त को महा भोग के रूप में भगवान खजराना गणेश को अर्पित किया जाएगा. इस भोग को तैयार करने के लिए करीब 30 हलवाई और कारीगर मोदक तैयार करने में जुटे हैं. हर बार की तरह ही इस बार भी इंदौर के कमलेश व्यास खेम जी महाराज मोदक बना रहे हैं.

GANESH CHATURTHI 2025
मंदिर में तैयार किए जा रहे डेढ़ लाख मोदक (ETV Bharat)

कमलेश व्यास का कहना है, "डेढ़ लाख मोदक निर्माण में 1100 किलो मैदा, 500 किलो तिल्ली, 400 किलो मूंगफली दाना, 50 किलो खोपरे का बूरा, 40 डिब्बे अर्थात 600 किलो शुद्ध घी और अन्य मेवों का उपयोग किया जा रहा है."

मोदक का निर्माण कार्य जारी

मोदक निर्माण की व्यवस्था देख रहे खजराना गणेश मंदिर के प्रबंधक घनश्याम शुक्ला ने बताते हैं कि "पिछले वर्ष तक सवा लाख मोदक का भोग लगाया जा रहा था, लेकिन इस बार मंदिर प्रबंध समिति की बैठक में खजराना गणेश भक्त मंडल द्वारा डेढ़ लाख मोदक और लड्डू चढ़ाने का निर्णय लिया गया है. मोदक निर्माण का कार्य 26 अगस्त तक पूरा कर लिया जाएगा. इसके बाद सारे मोदकों को भगवान के गर्भगृह में पहुंचाया जाएगा. गणेश उत्सव के आगाज के साथ भोग लगाया जाएगा. इसके बाद इंदौर कलेक्टर आशीष सिंह मोदक प्रसाद का वितरण भक्तों में शुरू कर देंगे."