रेवाड़ी में कलयुगी बेटे की करतूत, दोस्त को सुपारी देकर कराई पिता की हत्या
रेवाड़ी में करोड़ की जमीन बिक्री में 50 लाख हिस्सा नहीं मिलने पर 5 लाख की सुपारी देकर बेटे ने पिता की हत्या करा दी.

Published : June 13, 2025 at 4:53 PM IST
रेवाड़ीः जिले में एक कलयुगी बेटे ने 50 लाख रुपए के लिए सुपारी देकर पिता की हत्या करवा दी. सुपारी किलर भी अपने दोस्त को बना दिया. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. हत्या का आरोपी 2 दिन के पुलिस रिमांड पर है. वहीं बेटे रवि को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा.
11 जून बीर सिंह की हुई थी हत्याः ठोठवाल गांव में 11 जून को खेत से एक शव बरामद हुआ था. मृतक की शिनाख्त ठोठवाल गांव निवासी बीर सिंह के तौर पर हुई थी. मृतक के बेटे रवि की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया था. बीर सिंह के गले पर 4 वार किए गए थे, जिससे उसकी मौत हो गई.
5 एकड़ जमीन बना मौत का कारणः पुलिस ने जब मामले में छानबीन शुरू की तो सामने आया कि कुछ दिन पहले ही बीर सिंह की 5 एकड़ जमीन बिकी है, जिसका करोड़ों रुपए उसके पास आया है. कुछ समय से बेटा पैसे के लिए पिता से झगड़ा कर रहा था. इसी शक के आधार पर पुलिस ने मृतक के बेटे रवि को हिरासत में लेकर पूछताछ की. थोड़ी सख्ती दिखाते ही आरोपी ने पूरा राज खोल दिया.
बेटे ने गुनाह कबूलाः आरोपी रवि ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि उसके पिता उसे 50 लाख रुपए नहीं दे रहा थे. उसने काफी दिन अपने पिता को मनाने का प्रयास किया. लेकिन फिर भी नहीं माने तो उसने रास्ते से हटाने की योजना बनाई. उसने पुंसिका गांव निवासी अपने दोस्त कृष्ण को 5 लाख रुपए में अपने पिता की सुपारी दे दी.
हत्या के बाद बेटे ने की खोजबीन का नाटकः पुंसिका निवासी कृष्ण ने रवि के पिता बीर सिंह को उनके ही खेत में बुलाया. जहां गर्दन पर चाकू से वार किए. गर्दन पर वार होने के कारण कुछ देर बाद ही बीर सिंह की मौत हो गई. उसके बाद बेटे रवि ने गांव में पिता की खोजबीन का नाटक किया. शाम को खुद ही अपने पिता का शव खेत में मिलने का सूचना दी. जिसके बाद पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज किया था.
रिमांड पर आरोपी: रेवाड़ी सिटी डीएसपी जोगिंद्र शर्मा ने बताया कि मुख्य आरोपी कृष्ण रिमांड पर है. वहीं मृतक के बेटे को भी रिमांड पर लिया जाएगा. रिमांड के दौरान मर्डर में इस्तेमाल चाकू बरामद किया जाएगा. रवि अपने पिता बीर सिंह से पैसे की डिमांड कर रहा था, नहीं देने पर दोस्त को सुपारी देकर पिता की हत्या करवा दी.

