ETV Bharat / state

तिजारा में पिता की हैवानियत: दो साल के बेटे की हत्या कर खुद पर किया हमला

खैरथल जिले के तिजारा कस्बे में पिता शाजिद ने गुस्से में दो वर्षीय बेटे अरहान की हत्या कर दी और खुद को घायल कर लिया.

दो साल के बेटे की हत्या कर खुद पर किया हमला
तिजारा थाना (ETV Bharat Khairthal)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : September 26, 2025 at 9:39 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

खैरथल: जिले के तिजारा कस्बे से एक ऐसी वारदात सामने आई जिसने हर किसी का दिल दहला दिया. एक पिता ने अपने ही दो वर्षीय मासूम बेटे अरहान की बेरहमी से हत्या कर दी. यही नहीं, बेटे की जान लेने के बाद आरोपी पिता ने खुद पर हमला कर खुद को भी गंभीर रूप से घायल कर लिया. इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में सन्नाटा पसर गया और लोग अवाक रह गए.

वारदात की सूचना मिलते ही तिजारा डीएसपी शिवराज अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मासूम बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. एफएसएल की टीम को भी मौके पर बुलाया गया ताकि हत्या से जुड़े सबूतों की बारीकी से जांच हो सके. पुलिस ने आसपास के लोगों से बातचीत की और आरोपी पिता के स्वभाव के बारे में जानकारी जुटाई.

डीएसपी शिवराज (ETV Bharat Khaithal)

इसे भी पढ़ें- मां से बदला लेने के लिए मासूम की हत्या, टीवी देखते समय छत पर ले जाकर की वारदात

दीवार से पटक कर की हत्या: डीएसपी शिवराज ने बताया कि पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी शाजिद अपने गुस्सैल स्वभाव के लिए बदनाम था. घटना वाले दिन उसने अपने बेटे अरहान को कमरे में बंद कर दिया. इसके बाद उसने मासूम के सिर को बार-बार दीवार से पटक कर उसकी जान ले ली. इस निर्मम वारदात के बाद आरोपी ने कुल्हाड़ी उठाई और खुद पर वार कर लिया. उसकी हालत गंभीर होने पर उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया और फिर जयपुर रेफर कर दिया गया.

स्थानीय लोगों ने बताया कि शाजिद का स्वभाव पहले से ही बेहद हिंसक था. वह मामूली बातों पर गुस्से में आकर लोगों से भिड़ जाता था. कुछ समय पहले उसने एक व्यक्ति को गंभीर रूप से घायल भी कर दिया था. लोगों का कहना है कि उसका व्यवहार हमेशा डर और गुस्से से भरा रहता था. यही वजह है कि इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और सनसनी फैल गई.

डीएसपी शिवराज ने बताया कि आरोपी शाजिद से पूछताछ उसकी हालत सामान्य होने के बाद ही की जा सकेगी. अभी वह अस्पताल में गंभीर स्थिति में है. पुलिस का मानना है कि घटना के पीछे की असली वजह तभी सामने आएगी जब आरोपी बोलने की स्थिति में होगा. फिलहाल पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों को खंगाला जा रहा है.