रोहतास में स्कॉर्पियो और ऑटो के बीच भीषण टक्कर, तीन की मौत, दो घायल
रोहतास में स्कॉर्पियो और ऑटो की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई है. हादसे के बाद कोहराम मचा हुआ है.

Published : October 7, 2025 at 10:01 AM IST
रोहतास: बिहार के रोहतास में स्कॉर्पियो और ऑटो की टक्कर होने का मामला सामने आया है. भीषण हादसे में टो सवार तीनों युवकों की मौत हो गई है, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए हैं. मामला नोखा थाना क्षेत्र का है.
घायलों को वाराणसी किया रेफर: हादसे के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और इस संबंध में पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को ऑटो से बाहर निकाला. इसके बाद घायलों को सासाराम के सदर अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया, जहां से घायलों को वाराणसी रेफर कया गया है.
सासाराम से बिक्रमगंज लौट रहे थे तीनों: मिली जानकारी के अनुसार तीनों मृतक बिक्रमगंज के करमैनी खुर्द गांव के निवासी हैं. इसमें एक मृतक का नाम श्रीकांत प्रसाद है. दो अन्य उसके रिश्तेदार हैं, जिनके नाम की शिनाख्त नहीं हो पाई है. ये सभी सासाराम से बिक्रमगंज की ओर लौट रहे थे, तभी गंगहर के पास वो हादसे का शिकार हो गए.
क्या कहते हैं प्रत्यक्षदर्शी?: प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्कॉर्पियो गाड़ी तेज रफ्तार में थी. जिससे चालक गाड़ी नियंत्रण नहीं रख सका और सामने से आ रही ऑटो में स्कॉर्पियो की जबरदस्त टक्कर हो गई. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है. वहीं, हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है.
''स्कॉर्पियो और ऑटो के बीच टक्कर हो गई है. जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई है और दो लोग घायल हो गए हैं, जिनका उपचार चल रहा है. अभी सभी मृतकों की शिनाख्त नहीं हुई है''. - अरुण कुमार, ASI, नोखा थाना
सुपौल में पलटी यात्रियों से भरी बस: इससे पहले सुपौल के एनएच 327ई पर यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पानी से भरे खेत में पलट गई है. इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं.
ये भी पढ़ें-

