बिहार में दर्दनाक हादसा, ट्रक और हाइवा में भीषण टक्कर, चालक की जलकर मौत
भागलपुर में भीषण सड़क हादसा हुआ है. जिसमें एक हाइवा चालक की जलकर दर्दनाक मौत हो गई है. पढ़ें पूरी खबर.

Published : May 13, 2025 at 8:44 AM IST
भागलपुर: बिहार के भागलपुर के नवगछिया के झंडापुर थाना क्षेत्र में एनएच-31 पर सोमवार देर रात एक भयावह सड़क हादसा हो गया है. ईंट-भट्टा के पास एक तेज रफ्तार ट्रक और हाइवा की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसके बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों गाड़ियां जलकर राख हो गईं. इस दुर्घटना में हाइवा चालक की मौके पर ही जलकर दर्दनाक मौत हो गई, जबकि ट्रक चालक और खलासी किसी तरह जान बचाकर फरार हो गए.
हाइवा चालक की जलकर मौत: मृतक हाइवा चालक की पहचान बांका जिले के बैसी थाना क्षेत्र अंतर्गत गजियाडीह निवासी सुभाष यादव के रूप में हुई है. सुभाष, सुखदेव यादव के पुत्र थे और अपने परिवार की जीविका का एकमात्र सहारा थे. वे पाकुड़ से खगड़िया की ओर गिट्टी लोड कर जा रहे थे. घटना की सूचना मिलते ही झंडापुर ओपी पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची. जिसके बाद लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका और शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेजा गया है.
प्रत्यक्षदर्शी ने बताई भयावह घटना की पूरी कहानी: घटना के प्रत्यक्षदर्शी और ईंट भट्ठा के नाइट गार्ड अनुज कुमार ने बताया कि रात लगभग 12:30 बजे दोनों भारी वाहनों की जोरदार टक्कर हुई. कुछ ही देर में दोनों गाड़ियों में आग लग गई. ट्रक में मौजूद दोनों लोग समय रहते निकलकर भाग गए, जबकि हाइवा में सवार तीन में से दो लोग बच निकले, लेकिन चालक सुभाष यादव बाहर नहीं निकल सके और वहीं जलकर उनकी मौत हो गई.
"भट्ठा में नाइट गार्ड का काम करता हूं, इसलिए रात में करीब 12:30 बजे ड्यूटी पर ही था. उसी दौरान दोनों वाहन के बीच आपस में टक्कर हो गई और देखते ही देखते आग लग गई. ट्रक में दो लोग थे जो निकलकर भागने में कामयाब रहे, जबकि हाइवा से दो लोग भाग गए और एक जलकर की जलकर मौत हो गई."-अनुज कुमार, नाइट गार्ड
कई घंटे यातायात रहा ठप: टक्कर के बाद एनएच-31 पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया. दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. ट्रक में सीमेंट निर्माण में प्रयोग होने वाला माईंस डस्ट लोड था, जो हादसे के बाद सड़क पर बिखर गया. वहीं, हाइवा में गिट्टी लोड थी. हादसे के चलते सड़क पर चारों ओर मलबा और जलते वाहन का मंजर काफी भयावह था. दमकल के आग बुझाने के बाद ही सड़क पर आवाजाही दोबारा शुरू हो सकी.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़: हादसे की जानकारी मिलते ही मृतक सुभाष यादव का भतीजा सुमन कुमार यादव और भांजा अजय कुमार यादव मौके पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि सुभाष यादव अपने छह बच्चों और पत्नी के साथ रहते थे और पूरे परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी उन्हीं पर थी. उनकी अचानक मौत ने पूरे परिवार को आर्थिक और मानसिक रूप से झकझोर कर रख दिया है.
"चाचा सुभाष यादव हाइवा में गिट्टी लोड कर पाकुड़ से खगड़िया जा रहे थे. इसी दौरान सड़क हादसे में लगी आग से उनकी जलकर मौत हो गई है."-सुमन कुमार यादव, मृतक का भतीजा

ट्रक चालक की तलाश में जुटी पुलिस: ट्रक में सवार चालक और खलासी का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है. नवगछिया यातायात थाना अध्यक्ष चंद्रदीप मंडल ने बताया कि पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और ट्रक चालक की पहचान कर उसकी तलाश में जुटी है. दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने की कार्रवाई के बाद यातायात सामान्य हो पाया है.
"मृतक हाइवा चालक के शव के अवशेषों को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया गया है. पुलिस दुर्घटनाग्रस्त ट्रक, उसके चालक और उप चालक के बारे में जानकारी प्राप्त करने में जुटी है."-चंद्रदीप मंडल, यातायात थानाध्यक्ष, नवगछिया
पढ़ें-बिहार में दर्दनाक हादसा! बारातियों से भरी बस और ट्रक में भीषण टक्कर, तीन की मौत

