रांची सहित कई जिलों में गरज के साथ मूसलाधार बारिश, खोलना पड़ा कांके डैम का फाटक, अगले कुछ दिनों के लिए अलर्ट जारी
झारखंड में मानसून की बारिश जारी है. इस बीच मौसम केंद्र रांची ने बारिश को लेकर ताजा अपडेट जारी किया है.

Published : June 23, 2025 at 7:28 PM IST
रांची: राजधानी रांची सहित आसपास के जिलों में सोमवार को भी गर्जन के साथ मूसलाधार बारिश हुई. लगातार हो रही बारिश से जन- जीवन पर असर पड़ा है. वहीं बारिश के बाद हरमू और स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर बढ़ गया है. मूसलाधार बारिश की वजह से कांके डैम का जलस्तर बढ़ जाने के बाद एक बार फिर कांके डैम के डिस्चार्ज फाटक को खोल दिया गया. कांके डैम के एसडीओ शुभम उपाध्याय ने बताया कि कांके डैम का जलस्तर 27.5 फीट पहुंचने के बाद एहतियातन एक डिस्चार्ज फाटक को खोला गया है. आज हुई बारिश के बाद इसके खुले रहने की संभावना है. ऐसे में अभी यह बताना संभव नहीं है कि कितना क्यूबिक मीटर पानी छोड़ा गया. इस बीच मौसम केंद्र,रांची ने अपने ताजा मौसम पूर्वानुमान में 26 और 27 जून को कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है.
पिछले 24 घंटे में सामान्य रही मानसूनी गतिविधियां
झारखंड में पिछले 24 घंटे में मानसून की गतिविधियां सामान्य रही हैं. इस दौरान लगभग सभी स्थानों पर गर्जन के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हुई. 22 जून की सुबह 8.30 बजे से 23 जून की सुबह 8.30 बजे तक राज्य में सर्वाधिक बारिश हजारीबाग के विष्णुगढ़ में 109.3 MM बारिश हुई. वहीं रांची में 102.8MM बारिश रिकॉर्ड हुई है. इस दौरान सर्वाधिक बारिश वाले अन्य जिलों में पाकुड़ में 68 MM, चाईबासा में 55MM, रामगढ में 22.5MM और जमशेदपुर में 20.2 MM बारिश रिकॉर्ड की गई है.
वहीं खबर लिखे जाने तक राज्य में सबसे अधिक बारिश हजारीबाग में 54.5 एमएम रिकॉर्ड की गई. वहीं रांची में 44 एमएम और जमशेदपुर में 23.2 एमएम बारिश हुई है. वहीं अगर पूरे राज्य की बात करें तो झारखंड में जून महीने में औसत सामान्य मानसूनी बारिश 122.6 एमएम की जगह 247.4 एमएम बारिश हो चुकी है, जो सामान्य वर्षापात से दोगुने से भी अधिक है.
जगह-जगह जल-जमाव से परेशानी
राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में हो रही जोरदार बारिश की वजह से राजधानी के कई निचले इलाकों में जल जमाव से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा. वहीं हरमू और स्वर्णरेखा नदी में उफान नजर आया.

भारी बारिश का ऑरेंज और येलो अलर्ट
23 से 26 जून तक के लिए राज्य के कई जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम केंद्र,रांची ने अपने ताजा मौसम अपडेट में 26 जून की सुबह 8.30 बजे से 27 जून की सुबह 8.30 बजे तक राज्य के गुमला, सिमडेगा और पश्चिम सिंहभूम में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि लोहरदगा, रांची, खूंटी, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है.

वहीं 27 जून की सुबह 8.30 बजे से 28 जून की सुबह 8.30 बजे तक राज्य के गुमला, सिमडेगा, खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला खरसावां में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है.
थंडर स्ट्रॉम और तेज हवा के झोंके का येलो अलर्ट
मौसम केंद्र, रांची ने 23 जून से 25 जून तक राज्य के कई हिस्सों में थंडर स्ट्रॉम और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा के झोंके चलने का येलो अलर्ट जारी किया है. वहीं 26 जून से 28 जून तक कई इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा के झोंके चलने का येलो अलर्ट जारी किया है.

ये भी पढ़ें-
रांची में बारिश ने बाद सड़कों पर रेंगते नजर आए वाहन, कई इलाकों में जाम से लोग हलकान
रांची में मूसलाधार बारिश बनी आफत, IPS सरोजिनी लकड़ा का आवास भी जलमग्न
बरसात ने खोली नगर निगम की पोल: आधे घंटे की बारिश में फिर डूबी रांची

