हाईवे पर तेज रफ्तार कारों की आमने-सामने से जोरदार भिड़ंत, टक्कर लगने के बाद पुल से नीचे गिरी एक गाड़ी
लक्सर-बिजनौर स्टेट हाईवे पर बुधवार को भीषण सड़क हादसा हुआ. इस हादसे में एक गाड़ी टक्कर लगने के बाद पुल से नीचे गिर गई.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : August 20, 2025 at 3:07 PM IST
|Updated : August 20, 2025 at 4:14 PM IST
लक्सर: हरिद्वार जिले के लक्सर में बुधवार 20 अगस्त सुबह को भीषण सड़क हादसा हुआ. लक्सर-बिजनौर स्टेट हाईवे पर अकोढ़ा कला गांव के पास आमने-सामने आ रही दो तेज रफ्तार कारों की टक्कर हुई. टक्कर लगते ही एक पुल से नीचे नाले में जा गिरी. नाले में गिरी कार गहरे पानी में समा गई थी. कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने कार सवार को छत से बाहर निकाला.
पुलिया पर हुआ जोरदार हादसा: प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक कार लक्सर से अमरोहा की ओर जा रही थी, जबकि दूसरी रायसी से लक्सर की ओर आ रही थी. जैसे ही दोनों वाहन नाले पर बने पुलिया पर पहुंचे, तभी तेज रफ्तार के कारण दोनों कारों की आमने सामने की भिड़ंत हो गई.
दोनों गाड़ियां पुल से नीचे गिरी: बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक गाड़ी तो पुल से नीचे जा गिरी. हादसे में एक कार तो गहरे नाले में समा गई थी. हादसा होते ही ग्रामीण, कार चालक को बचाने दौड़ पड़े. बड़ी मुश्किल से कार की छत से उसे बाहर निकाला गया.

घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया: घटना की सूचना पर लक्सर कोतवाली पुलिस और अग्निशमन विभाग मौके पर पहुंचे, क्रेन की मदद से कार को नदी से बाहर निकाला गया. हादसे में सभी कार सवार सुरक्षित बताए जा रहे हैं.
लक्सर कोतवाली प्रभारी राजीव रौथान ने बताया कि लक्सर-बिजनौर हाईवे पर अकोढ़ा गांव के पास दो कारों की आमने-सामने भिड़ंत की सूचना मिली थी. मौके पर पुलिस टीम पहुंची और कार सवारों को सुरक्षित निकाल लिया गया. एक चालक घायल है, जिसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए भेजा गया है. हादसे के तुरंत बाद यातायात सुचारू किया गया.
घायलों के नाम: कोतवाली प्रभारी के अनुसार पहली गाड़ी में कपिल देव मीणा पिता शिवनारायण मीणा निवासी राजस्थान हाल पता रुड़की जोकि अमरोहा में पीडब्ल्यूडी (लोक निर्माण विभाग) में नौकरी करता है, अमरोहा जा रहे थे. वहीं दूसरी गाड़ी में राजीव कुमार पुत्र जय किशन निवासी रुद्रपुर उधम सिंह नगर और अनीता पत्नी जय किशन रुद्रपुर उधम सिंह नगर यूपी के मुजफ्फरनगर जा रहे थे. दोनों कारों में सवार तीनों लोगों को हल्की चोटें आई है. पुलिस ने दोनों गाड़ियों को कोतवाली लेकर आ गई है. इस मामले में अभी किसी भी पक्ष की तरफ से कोई तहरीर नहीं आई है. प्रथम दृष्यता हादसे का कारण तेज रफ्तार ही लग रहा है.
पढ़ें---

