जमीन दलालों को फायदा पहुंचाने के लिए भाजपा कर रही है RIMS 2 का विरोध: डॉ. इरफान अंसारी
रांची में रिम्स 2 को लेकर हुए विरोध-प्रदर्शन को स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने प्रायोजित बताते हुए मामले की जांच की बात कही है.

Published : August 25, 2025 at 2:17 PM IST
रांची:राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने रिम्स-2 को लेकर कल हुए जबरदस्त विरोध को प्रायोजित करार दिया है. उन्होंने कहा कि RIMS-2 बनकर रहेगा. स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि हमारी सरकार बीमारी मुक्त झारखंड बनाना चाहती है, लेकिन भाजपा के लोग बीमार झारखंड बनाना चाहते हैं. डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि स्वास्थ्य एक संवेदनशील मामला है और इस मुद्दे पर विरोध करना ठीक नहीं है.
बाहर से बुलाए लोग विरोध में थे शामिल-डॉ. इरफान
सूबे के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि कल के विरोध को लेकर जो जानकारी उनके पास है उसके अनुसार कल के प्रदर्शन में कोई भी स्थानीय लोग शामिल नहीं थे, बल्कि बाहर से लाए गए लोगों से मामले को बिगाड़ने की कोशिश की. इरफान अंसारी ने कहा कि हमारे पुलिसवालों को मारा गया. कई पुलिसवालों के पैर तोड़ दिए गए हैं. मैं पूरे मामले की जांच कर रहा हूं. इरफान अंसारी ने कहा कि हमारी सरकार जब जनता के हित में कदम उठा रही है, 5 महीने में स्वास्थ्य विभाग ट्रैक पर आया है तो विपक्ष उसमें खलल डालने में लगा है.
मैं आदिवासियों का सबसे बड़ा हितैषी-इरफान अंसारी
इरफान अंसारी ने कहा कि स्वास्थ्य के मुद्दे पर राजनीति नहीं करनी चाहिए.राज्य ने स्वास्थ्य व्यवस्था ने सही रास्ता पकड़ा है. उन्होंने कहा कि जल-जंगल-जमीन और स्वास्थ्य हमारी प्राथमिकता है, मैं सबसे बड़ा आदिवासी का हितैषी हूं और ये भाजपा वाले नकली लोग हैं. इन्होंने आदिवासियों पर गोली चलाई थी,हजारों-हजार केस किए थे.
'जमीन दलालों के लिए RIMS 2 का विरोध कर रही है भाजपा'
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि जिस जमीन को लेकर भाजपा RIMS-2 का विरोध कर रही है ,उस पर दलालों की नजर है. डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि भाजपा चाहती है कि वहां पर RIMS-2 नहीं बने, ताकि जमीन दलालों को फायदा मिले.
130वें संविधान संशोधन बिल पर मंत्री ने दी प्रतिक्रिया
मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि 130वें संविधान संशोधन बिल पर कहा कि लोकसभा में जो बिल लाया जा रहा है, वह जनता और जनप्रतिनिधियों को अपमानित और डिमॉरलाइज करने के लिए है. कभी कोई काला कानून, कभी किसान विरोधी विधेयक और अब विधायक, सांसद, मंत्री, मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री की गिरफ्तारी वाला बिल लाकर विधायिका का मजाक बना कर रख दिया है. इरफान अंसारी ने कहा कि अगर हिम्मत है तो न्यायपालिका और कार्यपालिका पर कोई बिल लेकर केंद्र की मोदी सरकार दिखाए. अगर मोदी सरकार ऐसा करने की कोशिश भी करेगी तो वो लोग बुखार छुड़ा देंगे.
विधायिका ने ही बचा रखा है लोकतंत्र-इरफान
मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि यह विधायिका है जिसने लोकतंत्र को बचा कर रखा है. हम लोग जनता के लिए 5 वर्ष काम करते हैं ,फिर जनता के बीच जाकर हिसाब देते हैं. उनके समर्थन से सरकार बनाते हैं. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत करना चाहिए, लेकिन भाजपा नेताओं ने इसे मजाक का पात्र बना दिया है.
बिहार में राहुल गांधी का तूफान चल रहा है-इरफान
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि वह पांच दिन बिहार में रहकर आये हैं, बिहार का माहौल बहुत अच्छा है. वहां राहुल गांधी की आंधी चल रही है. बिहार में बदलाव होना तय है. उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव ही वहां नेतृत्वकर्ता हैं.बिहार में कांग्रेस छोटे भाई और तेजस्वी बड़े भाई की भूमिका में हैं.
ये भी पढ़ें-

