रांची में स्वास्थ्य मंत्री का जनता दरबार, फरियादी ने बताया खाते में नहीं पहुंच रही मंईयां सम्मान की राशि
रांची स्थित कांग्रेस भवन में स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर इरफान अंसारी ने जनता दरबार लगाया. इस दौरान उन्होंने लोगों की परेशानियों को सुना.

Published : July 21, 2025 at 7:47 PM IST
|Updated : July 21, 2025 at 8:14 PM IST
रांची: स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर इरफान अंसारी ने रांची स्थित कांग्रेस भवन में जनता दरबार लगाया. उन्होंने लोगों की परेशानियों को सुना. इस दौरान 89 से ज्यादा फरियादियों ने अपनी समस्या, मंत्री के सामने रखी. दोपहर बाद शुरू हुए जनता दरबार में एक शिकायत रातू प्रखंड के पिर्रा से आई. जिसमें मां बेटी ने शिकायत करते हुए बताया कि उन्हें पहले, मंईयां सम्मान योजना का लाभ मिलता था लेकिन अचानक बंद कर दिया गया.
जिसके बाद स्वास्थ्य मंत्री ने नजमा परवीन और हलीमा परवीन की शिकायत पर तुरंत रातू बीडीओ को फोन लगाया और पूछा क्यों इनकी राशि बंद की गई? स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि तत्काल मामले की जांच कर, मंईयां सम्मान की राशि देना शुरू करें.
जनता का विश्वास बढ़ा है: डॉ. इरफान अंसारी
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि आज जनता दरबार में जिस तरह फरियादियों की भीड़ उमड़ी है, उससे साफ है कि लोगों का विश्वास कांग्रेस के प्रति बढ़ा है. उन्होंने कहा कि आज ज्यादातर मामले जमीन विवाद से जुड़े थे. मंत्री ने आगे बताया कि उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दे दिए हैं कि किसी की भी जमीन कोई हड़प नहीं सके.
मंत्री ने सुनी लोगों की समस्या
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने बताया कि इस बार जनता दरबार में जमीन से जुड़े मामले, सड़क, पुलिस और पारिवारिक विवाद से जुड़े मामले भी कुछ फरियादी लेकर मेरे पास आए थे. रांची स्थित कांग्रेस भवन में आयोजित जनता दरबार में स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने लोगों की समस्या सुनने के दौरान, संबंधित अधिकारी को निपटारे के निर्देश भी दिए.

जनता दरबार में दिए गए निर्देश का कितना पालन हुआ, होगी मॉनिटरिंग
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जनता दरबार को लेकर मॉनिटरिंग के लिए सिस्टम भी बनाया गया है. इसके तहत लिस्टेड मामले को पार्टी भी चेक करेगी. इसके साथ ही इसका रिकॉर्ड भी रखेगी कि क्या-क्या समस्या आई और इसका क्या क्या समाधान हुआ.
मेरे बेटे पर हुई ओछी राजनीति: मंत्री इरफान अंसारी
स्वास्थ्य मंत्री ने जनता दरबार के बाद, मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि उनके बेटे ने मानवीयता का काम किया है. उसने कोई अपराध नहीं किया है लेकिन बीजेपी के कुछ नेता इसे बेवजह मुद्दा बना रहे हैं. इरफान अंसारी ने आगे कहा कि वह हमारा बेटा नहीं बल्कि राज्य का बेटा है और उसका नाम कृष है. वहीं दुश्मनों का संहार करेगा. स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि उन्होंने बेटे को डांटा था. इसलिए राधाकृष्ण किशोर उनके घर आये और बेटे की हौसला अफजाई की.

मंगलवार को विशेषज्ञ डॉक्टरों को बांटे जाएंगे नियुक्ति पत्र: स्वास्थ्य मंत्री
इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य को 126 विशेषज्ञ डॉक्टरों की सौगात मिलेगी. उन्होंने कहा कि डॉक्टर दूर दराज के इलाके में भी जाकर इलाज करे इसके लिए वो डॉक्टरों को भरपूर पैसा देकर नियुकि कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें: बेटे के अस्पताल निरीक्षण करने पर स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने दी सफाई, आलोचना करने वालों को बताया समाज का दुश्मन
मंत्री इरफान अंसारी को झटका, सशरीर उपस्थिति से छूट की मांग वाली याचिका कोर्ट ने की खारिज

