हरियाणा बोर्ड की कंपार्टमेंट परीक्षाएं जुलाई में, तैयारियां पूरी, परीक्षाओं में शामिल होंगे 27 हजार से अधिक छात्र
हरियाणा शिक्षा बोर्ड की कंपार्टमेंट परीक्षाएं जुलाई में होंगी, 27 जून से एडमिट कार्ड वेबसाइट पर उपलब्ध होंगे, कड़ी निगरानी के इंतजाम.

Published : June 26, 2025 at 8:10 PM IST
भिवानी: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की सीनियर सेकेंडरी कंपार्टमेंट की एक दिवसीय परीक्षा और सेकेंडरी की परीक्षा जुलाई-2025 में होंगी. इन परीक्षाओं के प्रवेश-पत्र 27 जून से बोर्ड की वेबसाइट www.bseh.org.in पर उपलब्ध होंगे. प्रदेशभर में 65 परीक्षा केंद्रों पर कुल 27,636 परीक्षार्थी भाग लेंगे.
4 और 5 जुलाई से होंगी परीक्षाएं शुरू
बोर्ड अध्यक्ष प्रो. डॉ. पवन कुमार, उपाध्यक्ष सतीश कुमार और सचिव डॉ. मुनीश नागपाल ने जानकारी दी कि सीनियर सेकेंडरी की एक दिवसीय कंपार्टमेंट परीक्षा 4 जुलाई को होगी, जिसमें 16,842 परीक्षार्थी (10,403 छात्र और 6,439 छात्राएं) शामिल होंगे. सेकेंडरी की परीक्षाएं 5 जुलाई से 14 जुलाई तक चलेंगी, जिनमें 10,794 परीक्षार्थी (6,750 छात्र और 4,044 छात्राएं) शामिल होंगे.
परीक्षा की निष्पक्षता के लिए कड़े इंतजाम
परीक्षाओं की शुचिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए शिक्षा बोर्ड द्वारा 27 उड़नदस्तों का गठन किया गया है, जो औचक निरीक्षण करेंगे. परीक्षार्थियों को सलाह दी गई है कि वे प्रवेश-पत्र डाउनलोड कर उसमें दिए विवरणों की सावधानीपूर्वक जांच करें. किसी त्रुटि की स्थिति में तुरंत बोर्ड कार्यालय से शुद्धि करवा लें, बाद में दी गई त्रुटियों पर विचार नहीं होगा. यदि कोई दिव्यांग परीक्षार्थी लेखक की सुविधा लेना चाहता है, तो वह परीक्षा शुरू होने से पहले संबंधित दस्तावेज बोर्ड कार्यालय या परीक्षा केंद्र अधीक्षक को प्रस्तुत कर अनुमति प्राप्त कर सकता है.
परीक्षा केंद्र में समय से पहुँचना और निर्देशों का पालन जरूरी
परीक्षार्थी को प्रवेश-पत्र में दिए गए निर्देशों का पालन करते हुए परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले परीक्षा केंद्र पर पहुँचना होगा. केंद्र में मोबाइल, कैलकुलेटर जैसे इलेक्ट्रॉनिक सामान का प्रयोग सख्त वर्जित रहेगा.
इसे भी पढ़ें - हिमाचल में बारिश से हरियाणा में डर, यमुनानगर में खाट उठाकर भाग रहे लोग, फ्रिज समेत बाकी सामान ऊंचाई पर रखा
इसे भी पढ़ें - चंडीगढ़ की सड़कों पर जल्द दौड़ेगी 100 इलेक्ट्रिक बसें, बस केन्द्र सरकार की मंजूरी का है इंतजार

