ETV Bharat / state

हरीश रावत की बीजेपी को चुनौती! कहा- ''मैं हिंदू हूं या नहीं हूं, मैं सनातनी हूं या नहीं? इस पर उत्तराखंड में बहस हो''

बीजेपी के जुमे की नमाज की छुट्टी और मुस्लिम यूनिवर्सिटी के आरोपों का हरीश रावत ने अपने ही अंदाज में जवाब दिया.

Etv Bharat
हरीश रावत की बीजेपी को चुनौती! (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : April 1, 2025 at 3:53 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

देहरादून: अपने स्टाइल में अक्सर बीजेपी और अपने विरोधियों के घेरने वाले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और उत्तराखंड के पूर्व सीएम हरीश रावत ने एक बार फिर नया मुद्दा उठा दिया है. इस बार हरीश रावत ने बीजेपी को चुनौती देते हुए कहा कि पूरे उत्तराखंड में बहस हो जाए कि वो हिंदू हैं या नहीं. वो सनातनी हैं या नहीं?

दरअसल, हरीश रावत ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने बीजेपी को चुनौती देते हुए अंदाज में कुछ बातें कही.

मैं तो चाहता हूं कि एक बार इस पर सारे उत्तराखंड में बहस हो कि मैं हिंदू हूं या नहीं हूं, मैं सनातनी हूं या नहीं?

-हरीश रावत, पूर्व सीएम उत्तराखंड-

इतना ही नहीं हरीश रावत ने अपनी पोस्ट में लिखा कि

मैंने सनातन और उत्तराखंड की संस्कृति की बढ़ोतरी के लिए इस धरती-इस मिट्टी की बढ़ोतरी के लिए कुछ किया या नहीं किया और यदि किया है तो फिर भाजपा के झूठ, प्रपंच, इनके सत्ता के खेल स्टिंग से लेकर के दो झूठे आरोप जिसमें कहा गया कि मेरी सरकार ने जुमे की नमाज की छुट्टी कर दी, यदि कहीं कोई सबूत छुट्टी का है तो मुझे दिखाओ, कहां है वह आदेश?

-हरीश रावत, पूर्व सीएम उत्तराखंड-

हरीश रावत ने आगे कहा कि आज 8-9 साल बीत गए हैं, तब भी कोई भाजपा वाला मुझे वह आदेश नहीं दिखा पाया है. कहां है वह मुस्लिम यूनिवर्सिटी का आदेश या साक्ष्य जिसमें मैंने कहा हो कि हम सत्ता में आएंगे तो यूनिवर्सिटी बनाएंगे? देश के किसी अखबार या टीवी चैनल में कहीं तो प्रकाशित हुआ होगा? किसी यूट्यूब चैनल वाले या भाजपा का कोई ट्रोलर है उसको दिया हुआ बयान होगा, तो कोई मुझे दिखाई तो सही कि यह हरीश रावत ने बयान दिया है.

उत्तराखंड का भी धन्य हो, आप उनके इतने बड़े झूठ को पचा गये और आप तब भी अपनी संस्कृति की बात करते हो, हिमालय की बात करते हो? उत्तराखंड हमेशा सच्चाई के साथ खड़ा रहा है और आज मुझे अफसोस है कि भाजपा के प्रेम में उत्तराखंड पाखंडियों के साथ खड़ा हो रहा है, प्रपंचियों और झूठे व लब्बारों के साथ खड़ा हो रहा है, और भाजपा झूठी है, लब्बार है.

-हरीश रावत, पूर्व सीएम उत्तराखंड-

बता दें कि बीजेपी अक्सर हरीश रावत पर आरोप लगाती रहती है कि उन्होंने अपनी सरकार के कार्यकाल में जुमे की नमाज की छुट्टी के आदेश दिए थे. इसके अलावा 2022 के विधानसभा चुनाव में हरीश रावत ने प्रदेश में मुस्लिम यूनिवर्सिटी बनाने का भी वादा किया था. बीजेपी के इन्हीं आरोपों पर हरीश रावत का ये पोस्ट है. इस बार तो हरीश रावत ने बीजेपी तो चुनौती तक दे डाली.

पढ़ें---