हापुड़ में सोते हुए परिवार के ऊपर भरभरा कर गिरी छत, 13 साल के मासूम की मौत, 5 बच्चों सहित 7 लोग घायल
पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रघुनाथपुर खेड़ा में शुक्रवार रात हुई दुर्घटना. दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : July 12, 2025 at 9:29 AM IST
हापुड़ : पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रघुनाथपुर खेड़ा में शुक्रवार रात सोते हुए परिवार पर अचानक मकान की छत भरभरा कर गिर गई. दुर्घटना पांच बच्चों सहित 7 लोग छत के मलबे के नीचे दब गए. चीख पुकार सुनकर ही आसपास के ग्रामीणों ने किसी तरह सभी घायलों को मलबे से बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचाया. जहां 13 साल के मासूम की मौत हो गई. दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है.
जानकारी के अनुसार पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रघुनाथपुर खेड़ा में मजदूरी करने वाला शेखर अपने परिवार के साथ रहता है. शुक्रवार रात शेखर अपनी पत्नी और चार बच्चों के साथ मकान के कमरे में सोया था. शेखर के बच्चों के साथ उसका भतीजा मयंक (13) भी कमरे में सो रहा था. रात करीब 12 बजे अचानक कमरे की छत भरभरा कर गिर गई. जिसके बाद मौके पर चीख पुकार मच गई. चीख पुकार सुनकर आसपास से ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आननफानन छत के मलबे में फंस लोगों को निकाल कर निजी नर्सिंग होम पहुंचाया. जहां पर मयंक की उपचार के दौरान मौत हो गई. हादसे में घायल शेखर (30), रजनी (28), तान्या (11) दीपांशी (9), भूमि (3) काव्य (6) का उपचार चल रहा है.
पिलखुवा कोतवाली प्रभारी पटनीश यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी. प्रशासन को भी सूचना दे दी गई है. घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है. एक बच्चे की मौत हो गई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

