हल्द्वानी योगा ट्रेनर मौत मामला, सेंटर संचालक पर लगे गंभीर आरोप, परिजनों ने किया हंगामा
महिला योग प्रशिक्षक के न्याय के लिए सोमवार को बड़ी संख्या में लोग योगा सेंटर के पास पहुंचे. जहां जमकर हंगामा हुआ.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : August 4, 2025 at 3:56 PM IST
हल्द्वानी: मुखानी क्षेत्र स्थित जेकेपुरम कॉलोनी में किराये पर रहने वाली महिला योग प्रशिक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है. मृतका की मां ने स्थानीय योगा सेंटर के संचालकों पर हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है. घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है.
सोमवार को महिला के परिवार वाले स्थानीय लोगों के साथ योग सेंटर के बाहर जमकर हंगामा करते हुए प्रदर्शन किया. भारी आक्रोश को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस ने किसी तरह से मामले को शांत कराया. पीड़ित परिवार का तहरीर लेकर पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.

बताया जा रहा है कि 35 वर्षीय योग प्रशिक्षक महिला की 30 जुलाई को संदिग्ध परिस्थितियों में घर में मौत हुई थी. उस समय भी पूरे मामले को संदिग्ध बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी. घर वालों ने सोमवार को हंगामा किया. महिला योग प्रशिक्षक की मां ने बताया कि फरवरी 2018 में उसकी शादी जोधपुर में हुई थी. कुछ समय से उनकी बेटी हल्द्वानी के जेकेपुरम कॉलोनी में किराये पर रह रही थी. जहां वह एक योगा सेंटर में बतौर ट्रेनर कार्यरत थी.
परिजनों का आरोप है कि योगा सेंटर संचालक के दोनों भाई महिला योग प्रशिक्षक को मानसिक रूप से परेशान कर रहे थे. यह बात उसने कुछ दिन पहले अपनी भाभी से भी साझा की थी. मृतका की मां के अनुसार, 30 जुलाई की सुबह छह बजे उनकी बेटी की सहेली ने फोन कर बताया कि महिला योग प्रशिक्षक अपने कमरे में बेसुध पड़ी है. जब परिजन मौके पर पहुंचे तो देखा कि देखा कि वह मृत अवस्था में थी. उसके सिर के पिछले हिस्से में सूजन, हाथ और गले पर संदिग्ध निशान थे.

परिजनों ने मुखानी थाने में तहरीर देकर हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की है. पुलिस क्षेत्राधिकारी नितिन लोहनी ने बताया परिजनों की तहरीर प्राप्त हो गई है. मामले की जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर पुलिस बल की तैनाती की गई है. जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके. जांच के बाद तथ्य सामने आने के बाद मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
महिला योग प्रशिक्षक के न्याय के लिए सोमवार को बड़ी संख्या में लोग योगा सेंटर के पास पहुंचे. जहां जमकर हंगामा हुआ. लोगों को समझाने बुझाने में पुलिस के पसीने छूट गए. हंगामा बढ़ता देख पुलिस कुछ लोगों को उठाकर हल्द्वानी थाने ले गई. जहां समझा बुझकर उनको छोड़ दिया गया.
पढ़ें-
हल्द्वानी: छात्रा के लिए जानलेवा साबित हुआ ऑनलाइन लूडो, लाखों रुपए गंवाए, फिर उठाया बड़ा कदम

