मारपीट के बाद तालाब में मिला महिला का शव, परिजन ने SP कार्यालय पर कर दिया चक्काजाम
ग्वालियर में एक महिला का तालाब में शव मिला है. परिजन ने हत्या का आरोप लगाते हुए SP कार्यालय के बाहर शव रख चक्काजाम किया.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : March 5, 2025 at 10:16 AM IST
ग्वालियर: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक महिला कर्मचारी की संदिग्ध मौत पर हो गई. गुस्साए परिजन ने महिला के शव को एसपी ऑफिस के बाहर सड़क पर रख चक्का जाम कर दिया. महिला के परिजन ने आरोप लगाया है कि, ''महिला की हत्या कर उसके शव को सागरताल में फेंक दिया गया. लेकिन पुलिस आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही है.''
ग्वालियर में जनसुनवाई के बीच एसपी ऑफिस में अचानक हंगामा कट गया. कार्यालय के बाहर एक महिला का शव रख कर लोगों ने चक्काजाम कर दिया था. वजह थी महिला की हत्या और पुलिस पर उदासीनता का आरोप. दरअसल ग्वालियर के कंपू थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला का शव बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के सागरताल में सोमवार को मिला था. मृतका कंपू थाना क्षेत्र के लोहिया बाजार की रहने वाली थी. वह कंपू इलाके के एक निजी नर्सिंग होम में काम करती थी. वह एक दिन पहले काम पर जाने के लिए घर से निकली थी जब वह देर रात तक घर नहीं लौटी, तो परिजन ने कंपू थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी.
सीसीटीवी में महिला से मारपीट हुई थी कैद
सोमवार को पुलिस को सूचना मिली थी कि एक महिला का बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के सागर ताल में शव मिला है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया. पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचाया और मामले की विवेचना शुरू कर दी. इस बीच मृतक महिला के परिजन को नर्सिंग होम का एक सीसीटीवी फुटेज मिला है जिसमें एक आरोपी महिला को पीटते हुए दिखाई दिया है.
परिजन ने लगाया है हत्या का आरोप
मृतक महिला के परिजन का दावा है कि वीडियो में मारपीट करने वाला व्यक्ति मोहनलाल करोसिया उर्फ बाला है. आरोपी महिला को पिछले कई दिनों से परेशान भी कर रहा था और उसी ने महिला की हत्या की है.'' मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजन को समझा बुझाकर शांत कराया. मामले में CSP ग्वालियर आयुष गुप्ता का कहना है कि, ''महिला के संबंध में कंपू थाने में गुमशुदगी दर्ज हुई थी, महिला का शव सागर ताल से बरामद हुआ है. मामले की जांच पड़ताल की जा रही है.''
- पोस्टमार्टम रिपोर्ट देगी गवाही! मंडला में कब्र से निकाला महिला का शव, जादू टोने के शक में हत्या!
- रंजिश में युवक की गोली मारकर हत्या, TI को हटाने की मांग को लेकर परिजन का हाईवे जाम
- ट्रक ड्राइवर की मौत पर बवाल, परिजन ने शव रख सड़क जाम की, कंस्ट्रक्शन कंपनी के अधिकारियों पर आरोप
परिजन ने मारपीट का वीडियो पुलिस को सौंपा
बता दें कि, मृतक महिला के परिजनों ने एक वीडियो दिखाया है जिसमें एक व्यक्ति महिला से मारपीट करते दिखा है. मारपीट करने वाले व्यक्ति का पुराना आपराधिक रिकार्ड भी बताया गया है. पुलिस फिलहाल इस पूरे मामले की जांच कर रही है.

