ETV Bharat / state

सीमांकन करने गए राजस्व अमले पर हमला, जान बचाकर भागी टीम, 14 पर मुकदमा दर्ज

मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के आदेश पर विवादित जमीन का सीमांकन करने पहुंची टीम पर हमला. जान बचाकर भागी राजस्व टीम.

GWALIOR ATTACK ON REVENUE TEAM
आरोपियों ने राजस्व टीम पर किया पथराव (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : January 28, 2025 at 7:49 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

ग्वालियर: हाई कोर्ट के आदेश के बाद विवादित जमीन पर सीमांकन के लिए गए राजस्व निरीक्षक और पटवारी को उस समय हमले का शिकार होना पड़ा जब दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए. उन्होंने एक दूसरे पर पथराव कर दिया. यह देख राजस्व अमला वहां से भाग खड़ा हुआ, लेकिन उनके साथ गई कार को हमलावरों ने तोड़ दिया. सिरोल पुलिस ने इस मामले में दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं. एक मामले में आकाश पाल फरियादी है, उसमें सुघर सिंह, देवेश, सूरज सहित आधा दर्जन लोगों के खिलाफ मारपीट और तोड़फोड़ का मुकदमा दर्ज किया गया है.

दोनों पक्षों ने किया पथराव

हल्का नंबर 60 के पटवारी अजय राणा की शिकायत पर आकाश पाल और उसके अन्य साथियों सहित 14 लोगों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने, बलवा मारपीट और तोड़फोड़ का मुकदमा दर्ज किया गया है. फिलहाल किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है. इस घटना के बाद सिरोल इलाके की सुरक्षा विहार कॉलोनी हुरावली में तनाव व्याप्त है. वहां अप्रिय घटना की आशंका के चलते पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है. अब कोर्ट के आदेश के परिपालन में अतिरिक्त बल लेकर वहां सीमांकन का कार्य भविष्य में किया जाएगा.

विवादित जमीन का सीमांकन करने पहुंची थी टीम (ETV Bharat)

सीमांकन कराने पहुंचा था अमला

दरअसल, सुरक्षा विहार कॉलोनी हुरावली में भागीरथ बनाम मध्य प्रदेश शासन के मामले में हाईकोर्ट से एक आदेश पारित हुआ था. जिसमें विवादित जमीन पर जाकर दोनों पक्षों के बीच सीमांकन होना था. हल्का नंबर 60 के पटवारी अजय राणा, राजस्व निरीक्षक और अन्य अमला जब मौके पर पहुंचा, तब आकाश पाल और सुघर सिंह के बीच विवाद होने लगा. जब कोर्ट के आदेश के परिपेक्ष्य में वहां जमीन पर मुड्डी गाड़ी जाने लगी तब दोनों ही पक्ष एक दूसरे पर हमलावर हो गए.

जान बचाकर भागा राजस्व अमला

दोनों ने एक दूसरे पर पथराव शुरू कर दिया और राजस्व दल को भी नहीं छोड़ा. जिस कार में राजस्व का अमला मौके पर गया था, उसे भी तोड़ दिया. इस घटना में 3 लोगों के घायल होने की खबर है. हालात बिगड़ते देख राजस्व अमला मौके से भाग निकला. सीएसपी अशोक जादौन का कहना है कि "इस मामले में पटवारी की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया है. जल्द ही आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी."