बिहार में तिरुपति की तर्ज पर बनेगा भव्य मंदिर, सम्राट चौधरी ने कहा- धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
बिहार में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए नीतीश सरकार ने बड़ा फैसला किया है. तिरुपति की तर्ज पर भव्य मंदिर का निर्माण होगा.

Published : September 29, 2025 at 1:36 PM IST
पटना: बिहार में तिरुपति की तर्ज पर मंदिर निर्माण को हरी झंडी दे दी गई है. सरकार ने मोकामा खास की 10.11 एकड़ जमीन पर्यटन विभाग को निःशुल्क हस्तांतरित कर दी है. तिरूमला तिरुपति देवस्थानम् को मंदिर निर्माण और प्रबंधन और खर्च की जिम्मेदारी दी गई है. जल्द ही निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी.
मंदिर निर्माण के लिए 10 एकड़ भूमि का हस्तांतरण: बिहार सरकार ने सांस्कृतिक, धार्मिक एवं पर्यटकीय सुविधाओं के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है. सरकार ने पटना जिले के मोकामा शहर में आधुनिक सुविधाओं से युक्त समेकित सांस्कृतिक, धार्मिक एवं पर्यटकीय स्थल के निर्माण के लिए पथ निर्माण विभाग की 10.11 एकड़ भूमि को पर्यटन विभाग को निःशुल्क हस्तान्तरण की स्वीकृति प्रदान की है.
मोकामा में बनेगा भव्य-दिव्य तिरुपति मंदिर।
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) September 28, 2025
माननीय मुख्यमंत्री श्री @NitishKumar जी के निर्देशानुसार मोकामा में तिरुपति मंदिर बनाने के लिए लगभग 10 एकड़ जमीन का तिरुमला तिरुपति देवस्थानम्, तिरुपति, आंध्र प्रदेश के साथ समझौता
ये निर्णय बिहार के सांस्कृतिक संवर्धन और सनातन धर्म के…
क्या बोले डिप्टी सीएम?: उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि गंगा नदी के किनारे स्थित मोकामा शहर प्राचीन काल से अंग, मगध और मिथिला तीन जनपदों के संगम स्थल के रूप में ऐतिहासिक व पौराणिक महत्व रखता है. इसके निकटवर्ती सिमरिया घाट पर अर्ध कुंभ मेला आयोजित होता है, जो इसे धार्मिक दृष्टि से और भी महत्वपूर्ण बनाता है.
एक रुपये की टोकन पर दी जमीन: उपमुख्यमंत्री ने बताया कि तिरूमला तिरूपति देवस्थानम् तिरुपति (आंध्र प्रदेश) ने इस भूमि पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त समेकित सांस्कृतिक, धार्मिक एवं पर्यटकीय स्थल के निर्माण का प्रस्ताव दिया है. यह संस्थान अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त सरकारी ट्रस्ट है, जो न केवल तिरुपति स्थित प्राचीन देवस्थानों का प्रबंधन करता है बल्कि विभिन्न राज्यों में मंदिर, वेदपाठशाला, विश्वविद्यालय, अस्पताल एवं सामाजिक संस्थान भी संचालित करता है.
"इस परियोजना के निर्माण एवं प्रबंधन का संपूर्ण व्यय तिरूमला तिरूपति देवस्थानम् द्वारा वहन किया जाएगा. राज्य सरकार द्वारा भूमि 99 वर्ष की लीज पर मात्र 1 रुपये के टोकन शुल्क पर उपलब्ध कराई जाएगी."- सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री, बिहार
धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने पर जोर: डिप्टी सीएम ने कहा-बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है. 8 अगस्त को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मौजूदगी में करीब 1 हजार करोड़ की लागत से भव्य माता सीता मंदिर का भूमिपूजन किया.
मंदिर कॉरिडोर का निर्माण: सम्राट चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने 29 जुलाई को 550 करोड़ की लागत से वैशाली में बुद्ध स्मृति स्तूप का उद्घाटन किया और अब मोकामा में तिरुपति मंदिर बनाने के लिए लगभग 10 एकड़ जमीन का तिरुमला तिरुपति देवस्थानम्, तिरुपति, आंध्र प्रदेश के साथ समझौता किया जाएगा. इस स्थल के विकसित होने से मोकामा और आसपास के क्षेत्र का तीव्र सामाजिक-आर्थिक विकास होगा और स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे. इसके साथ ही गया विष्णुपद मंदिर, मां जानकी मंदिर पुनौराधाम और दूसरे प्रमुख मंदिरों को जोड़ते हए धार्मिक पर्यटन कॉरिडोर विकसित किया जाएगा.
ये भी पढ़ें:
तिरुपति से आए हलवाई, 11 नदियों के जल के उपयोग से बने लड्डू
मां जानकी मंदिर भूमि पूजन: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और CM नीतीश कुमार ने आधारशिला रखी
पटना में माता जानकी के जन्म स्थान पर होगा मंदिर का निर्माण, दो वर्षों में बनकर तैयार होगा मंदिर

