Shardiya Navratri 2025 : पंचकूला के माता मनसा देवी मंदिर में होगा नवरात्र मेला, किए गए ये ख़ास इंतज़ाम
पंचकूला में माता मनसा देवी मंदिर परिसर में आयोजित होने वाले नवरात्र मेले को ध्यान में रखकर ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है.

Published : September 20, 2025 at 8:48 PM IST
पंचकूला: 22 सितंबर से 1 अक्टूबर तक पंचकूला में माता मनसा देवी मंदिर परिसर में आयोजित होने वाले नवरात्र मेले के सफल और सुरक्षित आयोजन के लिए पुलिस कमिश्नर शिबास कबिराज के मार्गदर्शन में पंचकूला ट्रैफिक पुलिस ने विस्तृत यातायात एडवाइजरी जारी की है. मेले में काफी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष व्यवस्थाएं की हैं. वाहन चालकों से निर्धारित मार्गों और पार्किंग स्थलों का पालन करने की अपील की है, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे.
मनसा देवी मंदिर मार्ग से ना गुजरें वाहन चालक: डीसीपी ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन द्वारा जारी एडवाइजरी के अनुसार पंचकूला से चंडीगढ़ और चंडीगढ़ से पंचकूला आवाजाही करने वाले वाहन चालक मनसा देवी मंदिर मार्ग से ना गुजरें. इसके स्थान पर हाउसिंग बोर्ड वाला रास्ता अपनाएं. मेले के दौरान मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले भारी वाहन जैसे- बस, ट्रैक्टर-ट्रॉली आदि में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की पार्किंग व्यवस्था कूहनी साहिब गुरुद्वारा से बाईं ओर मुड़कर थाना मनसा देवी के पास की गई है. इस दौरान मंदिर क्षेत्र में अन्य भारी वाहनों की एंट्री पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा.

छोटे वाहनों की गौशाला के पास पार्किंग: छोटे वाहनों जैसे- कार, ऑटो और दोपहिया वाहनों की पार्किंग मनसा देवी गौशाला के पास बनी आम पार्किंग में की जाएगी. इसके अलावा सिंह द्वार से लेकर मंदिर परिसर तक किसी भी प्रकार के आम वाहन सड़क पर पार्क न करें. मनीमाजरा से आने वाले ऑटो और ई-रिक्शा चालक कूहनी साहब गुरुद्वारा से आगे अंडरपास पार करके मुख्य मंदिर के पास गऊशाला के पास बनी आम पार्किंग में वाहन पार्क करेंगे.
लोग सार्वजनिक वाहनों का उपयोग करें: ट्रैफिक पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा है कि वे अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें. साथ ही मंदिर परिसर के आसपास ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों का सहयोग कर यातायात नियमों का पालन करें, ताकि जाम या किसी अन्य प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो.

पुलिस-प्रशासन की पुख्ता तैयारी: डीसीपी ट्रैफिक ने कहा है कि "पुलिस-प्रशासन की ओर से सभी श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरी तैयारी की गई है." उन्होंने श्रद्धालुओं से सहयोग की अपेक्षा जताई और कहा कि नियमों का पालन कर सभी लोग सुगमता से माता के दर्शन का लाभ ले सकते हैं.

