रामगढ़ में सीलिंग तोड़कर ज्वेलरी शॉप में घुसा चोर, इतने रुपये के गहने लेकर फरार
रामगढ़ में ज्वेलरी शॉप की सीलिंग तोड़कर चोर एक से डेढ़ लाख रुपये के जेवरात लेकर फरार हो गया.

Published : October 8, 2025 at 2:32 PM IST
रामगढ़: एक ज्वेलरी शॉप की सीलिंग तोड़कर चोर एक से डेढ़ लाख रुपये के गहने लेकर चंपत हो गया. घटना बरकाकाना थाना क्षेत्र के स्टेशन के पास की है. जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई. अब पुलिस, सीसीटीवी फुटेज की मदद से चोर को पकड़ने का प्रयास कर रही है.
लाखों के जेवरात लेकर फरार
जानकारी के मुताबिक, रामगढ़ भुरकुंडा मुख्य मार्ग पर स्टेशन मोड़ के पास, संगीता ज्वेलर्स नाम की एक शॉप है. यहां चोर दुकान में घुसा और शॉप में रखे सोने चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गया. हालांकि चोरी की पूरी वारदात, सीसीटीवी कैमरे में कैद नहीं हो सकी क्योंकि आरोपी ने सीसीटीवी कैमरे के तार काट दिए थे.
शॉप खोलते ही दुकानदार के उड़े होश
जब सुबह मालिक ने दुकान का शटर खोला तो उसके होश उड़ गए. दुकान की सीलिंग और करकट शीट टूटी हुई थी, दुकान में चारों ओर समान बिखरा हुआ था. जिसके बाद दुकानदार ने मामले की जानकारी पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने फिंगर प्रिंट और सीसीटीवी कैमरों को खंगाला.

शॉप से एक से डेढ़ लाख की चोरी
दुकानदार रवि ने बताया कि उसने दुकान में देखा कि फाल्स सीलिंग टूटी हुई है और ऊपर से करकट सीट भी क्षतिग्रस्त है. जिसके बाद पुलिस ने डीवीआर की जांच की तो पता चला कि आरोपी द्वारा चोरी की घटना को सुबह 4:30 के आसपास अंजाम दिया गया है. दुकानदार के मुताबिक ज्वेलरी शॉप से एक से डेढ़ लाख की चोरी हुई है.

चोरी की वारदात की सूचना मिली थी, मौके पर जाकर देखा तो करकट शीट तोड़कर चोर ने ज्वेलरी शॉप में वारदात को अंजाम दिया है. सीसीटीवी और दूसरे तकनीकी सोर्स का सहारा लेकर चोर को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है: उमाशंकर वर्मा, थाना प्रभारी, बरकाकाना
ये भी पढ़ें- गिरिडीह के ज्वेलरी शॉप में भीषण चोरी, नकदी समेत कीमती गहने ले उड़े चोर
ऐसा चोर आप ने कभी नहीं देखा होगा, डांस करते हुए करता है चोरी, देखें वीडियो
गुमला में जेवर दुकान में चोरी, शटर काटकर लाखों के गहनों पर किया हाथ साफ

