दिल्ली के नंद नगरी में 20 वर्षीय लड़की की चाकू से गोदकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली के नंद नगरी में एक लड़की की चाकू से निर्मम हत्या का मामला सामने आया है. आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है

Published : October 13, 2025 at 3:57 PM IST
नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हत्याओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. बीते कुछ महीनों से इलाके में लगातार हो रही वारदातों ने लोगों में दहशत का माहौल बना दिया है. ताजा मामला नंद नगरी इलाके का है, जहा एक 20 वर्षीय युवती की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई. वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवती को जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में व्यक्तिगत रंजिश की बात सामने आई है, हालांकि जांच जारी है और हत्या में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं. घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है. पुलिस का कहना है कि आरोपी और पीड़िता एक-दूसरे को पहले से जानते थे, जिससे इस वारदात के पीछे व्यक्तिगत विवाद की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता.
डीसीपी आशीष मिश्रा ने बताया की घटना नंद नगरी के डी-ब्लॉक इलाके में हुई. प्राथमिक जांच में व्यक्तिगत रंजिश की बात सामने आई है. मृतका की पहचान स्थानीय निवासी के रूप में हुई है. हत्या के मामले में 23 वर्षीय आरोपी, जो नंद नगरी का ही रहने वाला है, को गिरफ्तार कर लिया गया है.
मृतक युवती की मां ने बताया कि आरोपी लड़का काफी दिनों से लड़की को परेशान कर रहा था. उसका काफी समय से पीछा भी कर रहा था. इसकी शिकायत उन्होंने आरोपी के परिजनों से भी की थी. इसके बाद आरोपी के परिजनों ने लड़के के साथ मारपीट भी की थी. इसके बाद लड़के ने पीछा करना छोड़ दिया था. आज सुबह लड़की समोसा लेने के लिए गई थी, जहां लड़के ने उसकी हत्या कर दी.
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस गश्त और इलाके में सक्रिय अपराधियों पर नियंत्रण की जरूरत है. क्योंकि लगातार होती वारदातों से आम जनता में भय का माहौल है. बता दें कि बीते कुछ दिनों से उत्तर-पूर्वी दिल्ली में एक के बाद एक हत्या की घटनाएं सामने आ रही हैं. हाल ही में खजूरी खास इलाके में दो साल के बच्चे की हत्या कर दी गई थी. उसका शव सीआरपीएफ कैंप की बाउंड्री के पास मिला था. वहीं भजनपुरा क्षेत्र में एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी, जबकि यमुना विहार और सीलमपुर इलाके में भी झगड़े और आपसी रंजिश में खून-खराबे के मामले सामने आ चुके हैं.
ये भी पढ़ें:
- दिल्ली NCR में लिफ्ट देने के बहाने लोगों को लूटने वाले 'लिफाफा गिरोह' पर एक्शन, तीन आरोपी गिरफ्तार
- दिल्ली पुलिस ने 37 दिन की तलाश के बाद मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला को परिवार से मिलाया, कोर्ट ने भी की तारीफ
- खुद को मुर्दा बता कानून की आंखों में झोंकता रहा धूल, अब क्राइम ब्रांच ने आरोपी को गोरखपुर से दबोचा

