धमतरी में लगातार बारिश से बांध में बढ़ी आवक, गंगरेल बांध में भरा पानी
लगातार हो रही बारिश के कारण प्रदेश के सबसे बड़े रविशंकर जलाशय गंगरेल बांध में लगभग 50 प्रतिशत पानी भर चुका है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : July 8, 2025 at 10:10 AM IST
|Updated : July 9, 2025 at 11:24 AM IST
धमतरी: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में लगातार बारिश का दौर जारी है. अच्छी बारिश से गंगरेल बांध की स्थिति में सुधार आया है. लगातार बारिश से बांध में पानी की आवक बनी हुई है. 32 टीएमसी वाले गंगरेल बांध में अब 16 टीएमसी पानी भर चुका है. लगातार बारिश से 18 हजार क्यूसेक पानी की आवक बनी हुई है. वही 400 क्यूसेक गंगरेल बांध से पानी छोड़ा जा रहा है. कैचमेंट एरिया से लगातार पानी की आवक बनी हुई है. प्रदेश का सबसे बड़ा रविशंकर जलाशय गंगरेल बांध में अब 50 प्रतिशत पानी भर चुका है. गंगरेल बांध अब मुस्कुराने लगा है.
धमतरी में बारिश से बांधों का जलस्तर बढ़ा: पिछले सप्ताहभर से रुक रुककर हो रही बारिश का असर खेत-खलिहान, तालाब, नालों के साथ बांधों के जलस्तर पर भी नजर आ रहा है. गंगरेल के जलग्रहण क्षेत्र चारामा, भानुप्रतापपुर, कांकेर में हो रही अच्छी बारिश के कारण बांध का जलस्तर बढ़ रहा है. यहां 18,177 क्यूसेक पानी प्रतिघंटा आ रहा है. गंगरेल बांध में 43.9 प्रतिशत पानी भरा हुआ है.
गंगरेल बांध में 18 हजार क्यूसेक पानी है. 43 प्रतिशत तक भर चुका है. कैचमेंट में अच्छा पानी भरा है तो आवक और भरेगी. हमारी पूरी नजर बांध पर है. इसी तरह बारिश होती रही तो कुछ दिनों में बांध भरने की संभावना है. बाकी डैम में थोड़ा कम भरा है. संभावना है कि अच्छी बारिश से डैम भर जाएंगे, जिससे किसानों को लाभ मिलेगा. संभावना है कि अगले 8 से 10 दिनों में बांध भर जाएगा- कपिल मित्तल, अधीक्षण अभियंता, रविशंकर परियोजना रुद्री
धमतरी के बांधों में पानी की स्थिति: माड़मसिल्ली इलाके में 23 मिलीमीटर बारिश हुई है. जिसके कारण 556 क्यूसेक पानी की आवक इस बांध में हो रही है. सोंदूर बांध क्षेत्र में 57 मिलीमीटर बारिश हुई है. यहां 528 क्यूसेक पानी की आवक हुई है. जिसके कारण बांध के जलस्तर में सुधार आया है. दुधावा बांध के आसपास 52 मिमी वर्षा हुई है. यहां भी आवक 331 क्यूसेक हो रही है. रविशंकर सागर परियोजना गंगरेल बांध के आसपास 36 मिमी वर्षा रिकॉर्ड दर्ज किया गया है. वैसे गंगरेल के जलग्रहण क्षेत्र चारामा, भानुप्रतापपुर, कांकेर में हो रही अच्छी बारिश के कारण बांध का जलस्तर बढ़ रहा है. यहां 18,177 क्यूसेक पानी प्रतिघंटा आ रहा है. गंगरेल बांध में 43.9 प्रतिशत पानी भरा हुआ है.
7 जुलाई 2025 की स्थिति में धमतरी के चार बांध
- गंगरेल बांध रविशंकर जलाशय परियोजना

- माड्मसिल्ली बांध

- सोंदूर बांध

- दुधावा बांध

गंगरेल में बढ़ी पर्यटकों की संख्या: गंगरेल बांध में पानी बढ़ने से पर्यटकों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी है. गंगरेल बांध छत्तीसगढ़ के प्रमुख बांधों में शामिल हैं. यहां पर्यटकों के लिए बांध में मोटर बोटिंग की सुविधा और धार्मिक स्थल मां अंगारमोती मंदिर है. गंगरेल बांध में बारिश के दौरान हर शनिवार-रविवार को पर्यटक दूरदराज से आते हैं. 6 जुलाई रविवार को सैकड़ों की संख्या में गंगरेल बांध में पर्यटक पहुंचे थे.

