प्रेमिका का शौक पूरा करने के लिए बना फ्रॉड; बी.फार्मा पास है, नहीं मिली नौकरी तो करने लगा ठगी
एसीपी फतेहाबाद अमरदीप लाल ने बताया कि पुलिस ने जांच के लिए कई टीमें लगाईं. सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तब जानकारी मिली.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : September 20, 2025 at 10:07 AM IST
आगरा: अपनी प्रेमिका का शौक पूरा करने के लिए बी-फार्मा पास युवक अपराधी बन गया. युवक ने कई पेट्रोल पंप से ड्रम में डीजल भरवाया और ऑनलाइन पेमेंट की फर्जी रसीद, स्क्रीन शॉट दिखाकर ठगी की. आगरा जिले में फतेहाबाद थाना पुलिस ने इस फ्रॉड युवक को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इसके पास से 75 हजार रुपए और 45 लीटर डीजल, एक मोबाइल फोन और किराए पर ली गई चारपहिया गाड़ी बरामद की है.
एसीपी फतेहाबाद अमरदीप लाल ने बताया कि 20 अगस्त को गंगा पेट्रोल पंप नयापुरा पर काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी के ड्राइवर ने 17 हजार रुपए का डीजल ड्रमों में भरवाया था. वह फर्जी फोन पे पर पेमेंट की रसीद दिखाकर चला गया. इस पर सेल्समैन धर्मेंद्र कुमार निवासी बसई अरेला ने 20 अगस्त की शाम रुपए का मिलान किया तो 17 हजार रुपए कम निकले. इस पर उसने अकाउंट की डिटेल निकाली, तो उसमें 17 हजार रुपए की कोई एंट्री नहीं थी.
इसके बाद मैनेजर संजीव कुमार ने फतेहाबाद थाने में मुकदमा दर्ज कराया. पुलिस ने जांच की तो पता चला कि फिरोजाबाद रोड चर्रपुरा के पास स्थित सूर्य प्रकाश फिलिंग स्टेशन के सेल्समैन ने भी फतेहाबाद थाने में ऐसी ही शिकायत की है. वहां भी काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी सवार युवक ने 31 हजार रुपए का डीजल डलवाया और फर्जी रसीद दिखाकर चला गया.
सीसीटीवी से की गई तलाश: एसीपी फतेहाबाद अमरदीप लाल ने बताया कि पुलिस ने जांच के लिए कई टीमें लगाईं. सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तो आरोपी के बारे में कई जानकारियां मिलीं. शुक्रवार को चेकिंग के दौरान पुलिस ने शमसाबाद रोड रेलवे लाइन के पास घेराबंदी करके आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपी की स्कॉर्पियो गाड़ी के पीछे नंबर प्लेट नहीं थी.
जब गाड़ी खोलकर देखा गया तो उसमें डीजल के ड्रम रखे थे. पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सुमित कुशवाहा पुत्र भूरी सिंह, निवासी महरामपुरा, फतेहाबाद बताया. इसकी तलाशी में 75 हजार रुपए, मोबाइल, तीन खाली ड्रम, 45 लीटर डीजल बरामद किया है.
बीफार्मा किया लेकिन नहीं मिली नौकरी: एसीपी अमरदीप लाल ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त सुमित ने बताया कि उसने बी-फार्मा किया हैं, लेकिन नौकरी नहीं लगी. खुद के साथ अपनी गर्लफ्रेंड के खर्चे पूरे करने के लिए इस तरह से ठगी कर रहा था. इसके लिए उसने एक कंपनी से पांच हजार रुपए प्रतिदिन पर स्कॉर्पियो गाड़ी ली थी. इसमें ड्रम रखकर पेट्रोल पंप से डीजल भरवाता था. यह डीजल ट्रक चालकों को पेट्रोल पंप का एजेंट बताकर बेच देता था.

