ETV Bharat / state

नशे के सौदागरों के खिलाफ चतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ब्राउन शुगर की तस्करी करते चार धराए

मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई में चतरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने चार तस्करों को धर दबोचा है.

Brown Sugar Smuggling In Chatra
चतरा पुलिस की गिरफ्त में ब्राउन शुगर के तस्कर. (फोटो-ईटीवी भारत)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : September 6, 2025 at 8:53 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

चतरा: जिले के गिधौर थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के सौदागरों के विरुद्ध एक बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने ब्राउन शुगर के चार तस्करों को गिरफ्तार किया है. साथ ही पुलिस ने तस्करों की निशानदेही पर 253 ग्राम ब्राउन शुगर और 9,99,500 रुपये नगद बरामद किए हैं. बरामद ब्राउन शुगर की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है. इसके अलावा पुलिस ने तस्करों के पास से दो कार भी जब्त की है. इसकी पुष्टि चतरा एसपी सुमित अग्रवाल ने की है.

रमतुंडा फुटबॉल मैदान से हुई गिरफ्तारी

तस्करों की गिरफ्तारी गिधौर थाना क्षेत्र के रमतुंडा फुटबॉल मैदान से हुई है. जहां सभी तस्कर नशीले पदार्थ की खरीद-बिक्री की योजना बना रहे थे. चतरा पुलिस की इस कार्रवाई से मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों मे हड़कंप मच गया है. चतरा एसपी सुमित अग्रवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि रमतुंडा फुटबॉल मैदान में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री होने वाली है. इस सूचना के आधार पर गिधौर थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की और चार तस्करों को मौके पर धर दबोचा.

जानकारी देते चतरा एसपी सुमित अग्रवाल. (वीडियो-ईटीवी भारत)

50 लाख रुपये का ब्राउन शुगर बरामद

गिरफ्तार किए गए तस्करों की पहचान सिंघानी निवासी जितेंद्र साहू, गिधौर निवासी बहादुर दांगी, प्रेमनाथ दांगी और अनुज दांगी के के रूप में हुई है. पुलिस ने तलाशी के दौरान तस्करों के पास से 253 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया. जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 50 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है. इसके साथ ही तस्करों की निशानदेही पर पुलिस ने घर की दीवार में छिपाकर रखे गए 9,99,500 रुपये नगद भी बरामद किए हैं.

एसपी ने बताया कि यह कार्रवाई नशा तस्करी के खिलाफ जिला पुलिस की अब तक की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक है. बरामद ब्राउन शुगर की मात्रा और नगद राशि से साफ है कि यह एक बड़े और संगठित नशा तस्करी नेटवर्क का हिस्सा हैं. पुलिस ने मौके से दो कार भी जब्त की है, जिसका उपयोग तस्करी में की जाती थी.

पूछताछ में मिली पुलिस को अहम जानकारी

एसपी ने बताया कि गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ में कई अहम जानकारी मिली है. जिसके आधार पर पुलिस आगे की जांच में जुट गई है. एसपी ने बताया कि पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि गिरफ्तार तस्कर ब्राउन शुगर की आपूर्ति कहां से कर रहे थे और उनका नेटवर्क कितना व्यापक है.

एसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि ये तस्कर स्थानीय स्तर पर ही नहीं, बल्कि अंतरराज्यीय और संभवतः अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नशा तस्करी में शामिल हो सकते हैं. पुलिस ने तस्करों के ठिकानों पर छापेमारी तेज कर दी है और उनके संपर्क में रहे अन्य संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है.

जारी रहेगा नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियानः एसपी

एसपी ने कहा कि पुलिस नशा तस्करी के खिलाफ अपनी मुहिम को और तेज करेगी. उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि वे नशा तस्करी से संबंधित किसी भी तरह की जानकारी पुलिस के साथ साझा करें, ताकि इस तरह के अपराध पर पूरी तरह से रोक लगाई जा सके. एसपी ने यह भी स्पष्ट किया कि सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी.गिरफ्तार तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है.

एसपी ने यह भी संकेत दिया है कि इस मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं, क्योंकि जांच में नए खुलासे होने की संभावना है. इस कार्रवाई ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि चतरा पुलिस नशा तस्करी के खिलाफ अपनी जिम्मेदारी को पूरी तत्परता के साथ निभा रही है.

ये भी पढ़ें-

झारखंड में बन रहा ब्राउन शुगर, तस्करों के फारवर्ड-बैकवर्ड लिंक खंगालने में जुटी पुलिस

मोरहाबादी के पास बेच रहे थे ब्राउन शुगर, पुलिस रेड में पांच गिरफ्तार

ड्रग पैडलर्स के खिलाफ चतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लाखों के ब्राउन शुगर के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, मास्टरमाइंड फरार

रांची में ड्रग्स पैडलर्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 400 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ दो तस्कर गिरफ्तार