बिहार में भीषण सड़क हादसा, स्कॉर्पियो-बाइक की टक्कर में 4 युवकों की दर्दनाक मौत
कैमूर में बाइक और स्कॉर्पियो के बीच टक्कर हो गई है. इस हादसे में चार युवकों की मौत हो गई है.

Published : April 27, 2025 at 12:06 PM IST
भभुआ: बिहार के भभुआ में तेज रफ्तार बाइक और स्कॉर्पियो की आमने-सामने टक्कर होने का मामला सामने आया है. भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार 4 लोगों की मौत हो गई है. ये हादसा भभुआ मोहनिया मुख्य मार्ग के परसियां गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास हुआ है.
परसियां पेट्रोल पंप के पास हुआ हादसा: पूर्व भभुआ प्रखंड प्रमुख कमलेश सिंह ने बताया कि सभी चारों युवक बाइक पर सवार होकर भभुआ से अपने गांव के लिए आ रहे थे तभी परसियां पेट्रोल पंप के पास मोहनिया की तरफ से आ रही स्कॉर्पियो से बाइक की टक्कर हो गई. जिससे दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो घायल हो गए.
बाइक सवार चारों युवकों की मौत: हादसे में घायल दो युवकों को उपचार के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेजा गया था. इसके बाद एक युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर बनारस रेफर किया गया. दोनों की इलाज के दौरान मौत हो गई. इस तरह चारों युवकों की मौत हो गई है. सभी युवक भभुआ थाना क्षेत्र के बारे गांव निवासी थे.

''स्कॉर्पियो और बाइक की जोरदार टक्टर में दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी, जबकि एक युवक की सदर अस्पताल और दूसरे युवक की हायर सेंटर बनारस में इलाज के दौरान मौत हो गई है''. मुकेश कुमार, भभुआ थानाध्यक्ष

स्कॉर्पियो चालक फरार: हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया. घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ लग गई. स्थानीय लोगों ने हादसे के संबंध में पुलिस को सूचित किया. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा.

''सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल दो युवकों को अस्पताल में लाया गया था, लेकिन एक युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए बनारस रेफर कर दिया गया था''. अभिलाष चंद्रा, डॉक्टर, भभुआ सदर अस्पताल
ये भी पढ़ें-

