बानसूर में शराब ठेकेदार हत्याकांड: पुलिस मुठभेड़ में घायल चार बदमाश, पकड़ से दूर मुख्य आरोपी
शराब ठेकेदार की हत्या मामले में वांछित चार बदमाशों को पुलिस मुठभेड़ में गोलियां लगी. चारों को डिटेन कर लिया. मुख्य आरोपी की तलाश है.

Published : June 28, 2025 at 11:17 AM IST
कोटपूतली: जिले के बानसूर के हरसौरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात पुलिस मुठभेड़ में चार बदमाश घायल हो गए. इनके गोली लगी है. ये वही बदमाश हैं, जिन पर चार दिन पहले बानसूर में टेलर की दुकान पर कपड़े लेने आए शराब ठेकेदार सुनील कुमार उर्फ टुल्ली की गोली मारकर हत्या करने का आरोप है. पुलिस ने चारों बदमाशों को डिटेन कर लिया. हालांकि इस गैंग का सरगना कृष्ण पहलवान अभी फरार है. कृष्ण पहलवान शराब ठेकेदार हत्याकांड का मुख्य आरोपी है.
कोटपूतली-बहरोड़ एसपी राजन दुष्यंत ने बताया कि ठेकदार टुल्ली की हत्या के बाद से पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में लगी थी. शराब ठेकेदार हत्याकांड में वांछित चार बदमाशों को हरसौरा इलाके में शुक्रवार देर रात पुलिस ने घेरा तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी. बदमाशों ने 10 से 12 राउंड फायर किए, जो पुलिस वाहन पर लगे. जवाब में पुलिस ने भी गोलियां चलाई. इसमें चारों बदमाश घायल हो गए. तीन के पैरों में गोलियां लगी, जबकि एक अन्य के चोटें आई.
पुलिस ने इनको कोटपूतली के सरकारी अस्पताल में चल रहा है. बदमाशों की ओर से पुलिस पर गोलीबारी का अलग से मामला दर्ज किया गया है. दो पिस्टल व 27 कारतूस मिले हैं. मुख्य आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लेंगे. हिरासत में लिए तीन अभियुक्तों पर 50 हजार का इनाम है.

मुख्य आरोपी पर 50 हजार इनाम: मुख्य आरोपी कृष्ण पहलवान पर जयपुर रेंज आईजी अजयपाल लाम्बा ने 50 हजार रुपए इनाम घोषित कर रखा है. पहलवान ने अपने साथियों के साथ मिलकर 24 जून को बानसूर में अलवर बाईपास पर शराब ठेकेदार पर ताबड़तोड़ गोलियां दागी व फरार हो गया. गैंग के बदमाश कृष्ण पहलवान ने वारदात के एक घंटे बाद सोशल मीडिया पर आकर शराब ठेकेदार की हत्या की बात कबूली. उसने कहा कि जो भी हमारा दुश्मन होगा, उसका यही हाल होगा. बदमाश का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसे पुलिस ने खुली चुनौती माना. इस बीच, 27 जून को बदमाश कृष्ण पहलवान ने दूसरा वीडियो वायरल किया. वीडियो वायरल होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था. पुलिस मुख्य आरोपी की तलाश में विभिन्न ठिकानों पर दबिश दे रही है. अधिकारियों का दावा है कि उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

