मशहूर ब्रांड की पैकिंग में बेच रहे थे नकली घी, गाजियाबाद से दो गिरफ्तार, कई कुंतल नकली घी बरामद
नवरात्रि में नकली खाद्य पदार्थ पकड़े जाने के मामले बढ़ रहे हैं, खराब कुट्टू के आटे के बाद नकली घी का मामला सामने आया है.

Published : September 24, 2025 at 10:02 PM IST
नई दिल्ली/गाजियाबाद: नवरात्रि के दिनों में देसी घी की डिमांड बाजार में बढ़ जाती है, बाज़ार में बढ़ती डिमांड का फायदा उठाकर मिलावटी देसी घी बाजार में खपाने की कोशिश की जा रही है. गाजियाबाद के वैशाली में प्रतिष्ठित कंपनी के नाम से नकली देसी घी बेचा जा रहा था. पुलिस ने नकली घी बेचने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
इस पूरे प्रकरण की सूचना कंपनी को हुई तो कंपनी ने अपने प्रतिनिधि को भेज कर इसकी शिकायत पुलिस और फूड विभाग में की. मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने दो लोगों को गिरफ़्तार किया है और संबंधित घी के चार सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं.
पुलिस के मुताबिक़ नक़ली घी बेचने वाले दो आरोपियों विनय अग्रवाल और भारत अग्रवाल को गिरफ़्तार किया गया है. निजी कंपनी के नक़ली देसी घी को असली बताकर आरोपी जनता को भ्रम में डाल कर इसे सस्ते दामों पर बेच रहे थे और भारी मुनाफा कमाते थे.
पुलिस ने केस दर्ज किया
गिरफ़्तार आरोपियों के क़ब्ज़े से निजी कंपनी का नकली देसी घी भी भारी मात्रा में बरामद किया गया है. एसीपी इंदिरापुरम के मुताबिक़ गिरफ़्तार आरोपियों के विरूद्ध गाजियाबाद के थाना कौशांबी पर धारा 274, 275 BNS और 63/65 कॉपी राइट एक्ट के अंतर्गत मुक़दमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
वैशाली की एक दुकान में बेचा जा रहा था नकली घी
खाद्य विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक़ निजी कंपनी के प्रतिनिधि द्वारा फूड विभाग को जानकारी दी गई थी वैशाली श्री लक्ष्मी स्टोर में निजी कंपनी की पैकिंग का इस्तेमाल करके उसमें नक़ली घी भरकर भेजा जा रहा है. फूड विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया और तुरंत टीम मौके पर भेजी और चार सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे. फ़िलहाल संदिग्ध स्टॉक को सीज करने की कार्रवाई की गई है. रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद कार्रवाई की जाएगी.
गाजियाबाद में यह पहला मामला नहीं है इससे पहले भी इस तरह के कई मामले सामने आ चुके हैं. नवरात्रि में शुद्ध खाद्य सामग्री लोगों को उपलब्ध कराने के लिए फूड विभाग जमीनी स्तर पर छापेमारी तो कर रहा है लेकिन फ़ूड विभाग की कार्रवाई न काफ़ी साबित हो रही है. यदि निजी कंपनी को जानकारी नहीं मिलती तो यही नकली घी लोगों के घरों तक पहुंचकर उनकी सेहत को बर्बाद कर देता.
ये भी पढ़ें- नवरात्रि से पहले मिलावटी नकली कुट्टू पर सख्त गाजियाबाद खाद्य विभाग, 20 अधिकारियों की लगाई गई ड्यूटी
ये भी पढ़ें- दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में कुट्टू का आटा खाने से 300 लोग बीमार, खाद्य विभाग ने शुरू की कार्रवाई

