ETV Bharat / state

पलामू में पुलिस-नक्सली मुठभेड़: टीएसपीसी के जोनल कमांडर शशिकांत गंझू, मुखदेव यादव समेत 6 के खिलाफ एफआईआर दर्ज

पलामू में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ की घटना के बाद टीएसपीसी के 6 नक्सलियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है.

Police Naxalite Encounter In Palamu
पलामू में नक्सलियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन चलाते पुलिस पदाधिकारी और जवान. (फोटो-ईटीवी भारत)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : September 5, 2025 at 1:56 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

पलामू:जिले के मनातू में हुई नक्सली घटना के मामले में टीएसपीसी के कथित सुप्रीमो सह जोनल कमांडर शशिकांत गंझू, मुखदेव यादव समेत छह नक्सलियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. मनातू के थाना प्रभारी निर्मल उरांव के फर्द बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है.

दरअसल, पलामू के मनातू थाना क्षेत्र के केदल में पुलिस और टीएसपीसी नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो जवान शहीद हो गए थे. घटना के बाद पूरे इलाके में फिलहाल सर्च अभियान चलाया जा रहा है और बड़ी संख्या में पुलिस बलों की तैनाती की गई है.

इस संबंध में मनातू थाना प्रभारी निर्मल उरांव ने बताया कि “मुठभेड़ के मामले में टीएसपीसी नक्सली शशिकांत गंझू, मुखदेव यादव, उमेश सिंह खरवार, कुलदीप, रोहिणी गंझू और एक अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है.” एफआईआर में लिखा गया है कि पलामू पुलिस को सूचना मिली थी कि मनातू थाना क्षेत्र के केदल में टीएसपीसी कमांडर शशिकांत ठेकेदार एवं अन्य कारोबारियों से लेवी वसूलने के लिए अपनी टीम के साथ केदल आने वाला है.

ऑपरेशन के लिए पलामू पुलिस ने बनाई थी तीन टीम

सूचना के बाद शशिकांत गंझू को लेकर पलामू पुलिस ने ऑपरेशन का प्लान तैयार किया था. ऑपरेशन के लिए तीन अलग-अलग टीमें गठित की गई थी. एक टीम का नेतृत्व एएसपी अभियान राकेश सिंह, दूसरी टीम का नेतृत्व हुसैनाबाद एसडीपीओ मोहम्मद याकूब, तीसरी टीम का नेतृत्व मनातू थाना प्रभारी निर्मल उरांव कर रहे थे. ऑपरेशन के दौरान टीम रात 12:23 बजे केट पहुंची थी.

शशिकांत गंझू के घर से 300 मीटर दूरी पर बाएं तरफ पहली टीम एसपी अभियान राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में मुस्तैद थी. जबकि मोहम्मद याकूब की टीम दाएं और से घर की तरफ बढ़ रहे थे. जबकि थाना प्रभारी निर्मल उरांव सीधे अपनी टीम के साथ घर की तरफ बढ़ते हुए करीब 100 मीटर दूर पर पहुंचे थे. इसी क्रम में शशिकांत के घर से ब्रस्ट फायरिंग शुरू हो गई. इस फायरिंग की घटना में तीन जवानों को गोली लगी थी. जिसमें से दो जवानों को अस्पताल में मृत घोषित किया गया. इस दौरान पुलिस की तरफ से 64 राउंड फायरिंग की गई थी.