ETV Bharat / state

गिरिडीह में भिड़े दो पक्षः पथराव-आगजनी, फुटपाथ की दुकानों को फूंका, बाइक में लगाई आग

गिरिडीह में दो पक्षों में मारपीट की घटना हुई. जिला एसपी मौके पर कैंप कर रहे हैं.

Fight between two groups in Giridih
गिरिडीह में मारपीट के बाद आगजनी की घटना (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : March 14, 2025 at 10:10 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

गिरिडीहः जिला के घोड़थम्भा में दो पक्षों के बीच पथराव की घटना घटी है. इस दौरान आगजनी भी की गई है. आग कुछेक दुकानों के अलावा बाइक में लगायी गयी है. स्थिति को देखते हुए गिरिडीह एसपी डॉ विमल कुमार के अलावा खोरीमहुआ के एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद के साथ घोड़थम्भा ओपी, धनवार, हीरोडीह, जमुआ के अलावा कई थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गई है. यहां काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रण में किया गया है.

इसकी सूचना पर सबसे पहले स्थानीय पुलिस के साथ एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद पहुंचे लोगों को समझाने का प्रयास शुरू किया गया लेकिन लोग कंट्रोल में आने को तैयार ही नहीं थे. ऐसे में जिला मुख्यालय से एसपी डॉ विमल कुमार दलबल के साथ पहुंचे. एसपी के पहुंचने के बावजूद लोग आपस में भिड़ रहे थे.

ऐसे में पुलिस सख्त हुई और उपद्रवियों को खदेड़ने का काम शुरू किया गया. काफी देर तक एसपी के साथ अन्य पदाधिकारी एवं जवान लोगों को खदेड़ने में जुटे रहे तब जाकर स्थिति नियंत्रण में आयी. दूसरी तरफ दुकान व बाइक में लगायी गई आग को बुझाने के लिए अग्निशमन की टीम को बुलाया गया है. वहीं पूरे इलाके में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है. जिले के अन्य थाना की पुलिस को भी अलर्ट किया गया है.

इस घटना को लेकर मौके पर मौजूद पदाधिकारियों का कहना है कि दो पक्ष में विवाद के पथराव हुई है. स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया है. विवाद के पीछे की वजह क्या रही है इसका पता लगाया जा रहा है. उपद्रव करनेवालों को भी चिन्हित किया जाएगा. दोनों पक्ष से शांति की अपील की गई है.