ETV Bharat / state

प्रयागराज में पुलिस चौकी के पास बेखौफ बदमाशों ने युवक को मारी गोली, हालत गंभीर

सिविल लाइंस इलाके में पुरानी रंजिश के चलते बदमाशों ने दिया घटना को अंजाम

ETV Bharat
स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय में युवक का इलाज जारी (Photo Credit; ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : May 12, 2025 at 1:40 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

प्रयागराज: संगमनगरी एक बार फिर गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठी. बेखौफ बदमाशों ने सिविल लाइंस थाना इलाके में पुलिस चौकी से कुछ ही दूरी पर रविवार की रात एक युवक का अपहरण कर उसे गोली मार दी. बाइक सवार बदमाशों ने थार्नहिल रोड पर इस घटना को अंजाम दिया. गोली लगने के बाद 27 साल का शानू लहूलुहान होकर जब जमीन पर गिर गया तो हमलावर असलहा लहराते हुए भाग निकले. घायल युवक को स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है. जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है.

पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी कैमरे

एसीपी सिविल लाइंस का कहना है कि जख्मी शानू का बयान दर्ज किया गया है. उसने मारियाडीह निवासी अख्तर और अतरौली के रहने वाले साहिल का नाम लिया है. शानू ने दोनों पर गोली मारने का आरोप लगाया है. घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और दोनों के मोबाइल की डिटेल खंगाली जा रही है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

सरेआम वारदात के पीछे पुरानी रंजिश
शानू और आरोपी अख्तर के बहनोई अंसार के बीच पिछले साल मारपीट हुई थी. इस मामले में सद्दाम समेत कई लोगों पर केस दर्ज हुआ था. इसके बाद शानू और अख्तर के बीच तभी से रंजिश चल रही थी. सालों पर 11 मुकदमे भी दर्ज हैं. 2021 में शानू पर गैंगस्टर एक्ट के तहत एक केस दर्ज किया गया था. वो पेशेवर अपराधी है. वारदात कैसे हुई, इसकी जांच की जा रही है. पुलिस के मुताबिक शानू का आरोपियों के साथ उठना बैठना था. किसी बात को लेकर दोनों के बीच रंजिश हो गई. इसके बाद ये वारदात हुई है. पुलिस मामले की गहराई से जांच पड़ताल कर रही है.