प्रेम विवाह करने पर पिता ने जीवित बेटी को किया मृत घोषित, छपवाया शोक पत्र और रखी बैठक
भीलवाड़ा में प्रेम विवाह कर पिता के खिलाफ बयान देने पर आहत पिता ने जीवित बेटी के नाम शोक पत्रिका छपवा दी.

Published : August 9, 2025 at 9:38 PM IST
भीलवाड़ा : राजस्थान के भीलवाड़ा जिले से एक मामला सामने आया है, जहां एक पिता ने अपनी जीवित बेटी के नाम शोक पत्रिका छपवा दी. यह मामला आसींद उपखंड के एक गांव का है, जहां एक पिता ने अपनी बेटी पूजा के समाज के खिलाफ किए गए कदम से आहत होकर यह कड़ा निर्णय लिया. शोक पत्रिका छपवाने वाले पिता ने कहा कि मेरी बेटी जब थाने में बयान देने आयी तो उसने हमारे खिलाफ बयान दर्ज करवाए जिसके कारण हमने उसे मृत समझ लिया और यह शोक पत्रिका छपवा दी.
युवती के पिता ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी 25 अप्रैल 2025 को गांव के ही युवक से बड़े धूमधाम से की थी. कुछ समय बाद उनकी बेटी ने अपने पति के रिश्तेदार से प्रेम संबंध बना लिए और पति को छोड़कर उसके साथ भाग गई. बाद में थाने में पिता के खिलाफ बयान देने पर पिता टूट गए. इससे आहत होकर पिता ने अपनी जीवित बेटी को मृत समझकर उसके नाम की शोक पत्रिका छपवा दी. इसके साथ घर के बाहर भी 12 दिनों की एक बैठक का आयोजन किया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें: पिता ने जिंदा बेटी की छपवाई शोक पत्रिका, मुंडन करवा किया मृत्यु भोज, ये है मामला - death feast of alive daughter
पिता ने शोक पत्रिका में छपवाया कि अत्यन्त दु:ख के साथ सूचित किया जाता है कि मेरी सुपुत्री का विवाह दिनांक 25 अप्रैल 2025 को हुआ है. जो कि विवाह पश्चात दिनांक 29 जुलाई 2025 को चली गई है. इसलिए हमारे परिवार के लिए वह स्वर्गवास हो गई जिसका द्वादसा दिनांक 10 अगस्त रविवार को रखा गया है.

