50-50 के नकली नोट छापकर बाजार में चलाने वाले तीन गिरफ्तार; अमरोहा पुलिस ने शातिरों को ऐसे पकड़ा
अमरोहा में नकली नोट छापने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है. इनके पास से जाली करेंसी भी मिली है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : June 7, 2025 at 1:24 PM IST
अमरोहा: पुलिस ने नकली नोट छापकर बाजार में चलाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है. इनके पास से फर्जी करेंसी, प्रिंटर, नोट छपाई में इस्तेमाल होने वाले सामान, मोबाइल फोन और बाइक भी बरामद की गई है. अमरोहा पुलिस ने तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है, क्योंकि यह भी हो सकता है, कि इनके गिरोह के तार दूसरे राज्यों से भी जुड़े हों. यह गिरफ्तारियां और बरामदगी अमरोहा के आदमपुर थाना क्षेत्र में की गई हैं.
जानकारी के मुताबिक, आदमपुर पुलिस ने नकली नोट छापने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से 1150 रुपए की जाली करेंसी, नोट छापने का प्रिंटर, सादा व छपे हुए पेपर, कटिंग फ्रेम बरामद किया गया है. पुलिस ने बताया कि ढवारसी चौकी क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने यह कार्रवाई की.
50-50 के नोट बाजार में चलाते थे: पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, चेकिंग के दौरान दो युवक उझारी से आ रहे थे, वे लोग पुलिस को देखकर भागने लगे और गिर पड़े. पकड़े गए युवकों ने पूछताछ में बताया कि वे अपने साथी अनुज के साथ मिलकर पैथोलॉजी लैब में छिपाकर रखे प्रिंटर की मदद से नकली नोट छापते थे. यह भी पता चला है, कि यह लोग 50-50 के नकली नोट बाजार में चलाते थे. यह नोट छोटे दुकानदारों, सब्जी विक्रेताओं के यहां खपाए जाते थे, ताकि इसकी भनक किसी को न चल सके. एक सब्जी विक्रेता को इस बात का शक भी हो गया था. इसके बाद पुलिस सक्रिय हुई.
गिरफ्तारी की वीडियोग्राफी कराई: पकड़े गए अभियुक्तों में अजय पुत्र होमपाल निवासी ग्राम चंदपुरा, पवन पुत्र सतवीर सिंह और अनुज पुत्र रमेश निवासी ग्राम गोजनी मिलक, थाना एचोड़ा कम्बोह, जनपद संभल शामिल हैं. तीनों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस ने मौके से बरामद सामान को सील कर दिया है. अभियुक्तों की मोटरसाइकिल के कागजात न दिखाने पर सीज कर दिया गया है. गिरफ्तारी की वीडियोग्राफी ई-साक्ष्य ऐप से की गई है. थाना आदमपुर पुलिस की इस कार्रवाई को जनपद में नकली करेंसी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है.

