फागणिया फुटबॉल : बीकानेर की होली में हंसी और खेल का धमाल, मैच खेलने पहुंचे पीएम-राष्ट्रपति और फिल्मी सितारे
बीकानेर के धरणीधर ग्राउंड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, संत प्रेमानंद महाराज, शिवाजी महाराज की वेशभूषा में पात्र धरकर खिलाड़ी पहुंचे.

Published : March 9, 2025 at 8:28 PM IST
बीकानेर : शहर की हवा में होली की खुमारी घुल चुकी है और इसी मस्ती में एक अनूठा रंग जोड़ता है फागणिया फुटबॉल मैच. बीते 27 सालों से यह आयोजन बीकानेर की पहचान बन चुका है, जहां फुटबॉल सिर्फ खेल नहीं, बल्कि मनोरंजन और हास्य का संगम होता है.
धरणीधर ग्राउंड में जब खिलाड़ी मैदान पर उतरे, तो किसी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रूप धर रखा था, तो कोई राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बना हुआ था. शिवाजी महाराज, संत प्रेमानंद महाराज, देवी-देवताओं और यहां तक कि बॉलीवुड अभिनेत्रियों का वेश धरे खिलाड़ी जब फुटबॉल खेलने उतरे, तो दर्शकों की हंसी और तालियों की गूंज से माहौल गूंज उठा.
मस्ती के साथ तनाव को कहें 'गुडबाय' : फागणिया फुटबॉल मैच के प्रमुख आयोजक सीताराम कच्छावा बताते हैं कि यह मैच केवल मस्ती के लिए खेला जाता है. इसमें किसी से कोई शुल्क नहीं लिया जाता, न ही किसी तरह की अश्लीलता को जगह दी जाती है. उनका मानना है कि जिंदगी की भागदौड़ में हर कोई किसी न किसी तनाव से जूझ रहा होता है और यह आयोजन लोगों को उस तनाव से मुक्त करने के लिए शुरू किया गया था. सालों पहले उपजा यह विचार आज बीकानेर की पहचान बन चुका है.

इसे भी पढ़ें- होली के चंग पर क्रिकेट का खुमार, 'कोहली, रोहित और पांड्या' की डिमांड ज्यादा
दर्शकों की तालियों से गूंजा ग्राउंड : उन्होंने बताया कि फागणिया फुटबॉल की सबसे खास बात यह है कि यहां हर उम्र और हर वर्ग के लोग जुड़ते हैं. माताएं-बहनें भी बड़े उत्साह से इस अनूठे मैच को देखने आती हैं. रंग-बिरंगे परिधानों में सजे खिलाड़ियों को देखकर दर्शकों के चेहरे पर मुस्कान खिल उठती है.

खेल के साथ ठहाकों का यह संगम बीकानेर की होली को और खास बना देता है. आप बीकानेर में हैं और होली के मौके पर कुछ अनोखा देखना चाहते हैं, तो अगली बार फागणिया फुटबॉल मिस मत करिएगा, क्योंकि यहां सिर्फ फुटबॉल ही नहीं, हंसी और खुशियों की बरसात भी होती है.

