जयपुर के मोती डूंगरी गणेश मंदिर में फाग महोत्सव, फूलों और गुलाल गोटे के साथ खेली होली
जयपुर के मोती डूंगर गणेश मंदिर सहित कई मंदिरों में बुधवार को फागोत्सव मनाया गया. इस दौरान भक्तों का भगवान के प्रति प्रेम नजर आया.


Published : March 12, 2025 at 9:48 PM IST
जयपुर: छोटी काशी जयपुर में बुधवार को फागोत्सव की धूम देखने को मिली. मोती डूंगरी गणेश मंदिर में फागोत्सव मनाया गया. गणेश जी विशेष पूजा-अर्चना की गई. गणेशजी को नवीन पंचरंगी साफा धारण कराकर फूलों के सिंहासन पर विराजमान किया गया. मोती डूंगरी गणेश मंदिर में फूलों और गुलाल गोटे के साथ होली खेली गई. फूलों के सिंहासन पर विराजमान होकर भगवान गणेश जी ने भक्तों के साथ फूलों और गुलाल गोटो से होली खेली. शाम को शेखावाटी ढफ वादन पर भजन संध्या का आयोजन किया गया.
बुधवार को फाग उत्सव कार्यक्रम के विशेष अवसर पर मोती डूंगरी गणेश मंदिर में भगवान गणेश को केसरिया पोशाक और पचरंगी साफा धारण करवाया गया. उन्हें फूलों के सिंहासन पर विराजमान किया गया. फूलों के सिंहासन पर विराजमान होकर गणेश जी ने भक्तों के साथ फूलों और गुलाल गोटों से होली खेली. भक्तों ने भी फूलों और गुलाल गोटों से गणेश जी के साथ होली खेली. मंदिर में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया. इस दौरान रात्रि 9:30 बजे तक शेखावाटी के कलाकारों ने ढप पर धमाल गाई और नृत्य किया. कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से राजस्थानी संस्कृति की छठा बिखेरी.

पढ़ें: भाजपा प्रदेश कार्यालय में फागोत्सव की धूम, ये बोले प्रदेश अध्यक्ष राठौड़ - FAAGOTASAV IN BJP OFFICE
चांदपोल परकोटा गणेश मंदिर में महंत पंडित अमित शर्मा के सानिध्य में फागोत्सव मनाया गया. गणेशजी को कई तरह की गुलाल अर्पित की गई और पंचामृत से अभिषेक किया गया. गणेश जी नवीन पोशाक धारण करवाई गई. भक्तों ने फाग के गीत और भजनों की प्रस्तुतियां दी. इसके अलावा गढ़ गणेश, श्वेत सिद्धी विनायक, ध्वजाधीश, नहर के गणेश जी, आत्माराम ब्रह्मचारी, गंगोत्री गणेश, काले गणेश जी सहित अन्य गणेश मंदिरों में भी बुधवार को फागोत्सव के आयोजन किए गए. नहर के गणेश मंदिर में फागुणिया झांकी सजाई गई. मंदिर के महंत पंडित जय शर्मा के सानिध्य में पद्मश्री गुलाबों के साथ लोक कलाकारों ने शानदार प्रस्तुतिया किया पेश की.
अजमेर में भी फागोत्सव की धूम: अजमेर में बुधवार को सेशन कोर्ट परिसर में फागोत्सव के कार्यक्रम में वकीलों के साथ न्यायिक अधिकारी और कार्मिक भी फाग की मस्ती में सराबोर नजर आए. कोर्ट परिसर में वकीलों की ओर से लघु हास्य नाटिका का मंचन किया गया. मंच पर कई वकीलों ने अपनी गायन और नृत्य प्रतिभा का भी प्रदर्शन किया. जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक सिंह रावत ने बताया कि फागोत्सव के माध्यम से सभी के चेहरे पर हंसी आती है. वहीं उल्लास का माहौल रहता है. इससे बार और बेंच के बीच भी सामंजस्य रहता है.

अजमेर नगर निगम के आयोजित फागोत्सव में मेयर और 80 पार्षद मौजूद रहे. फागोत्सव में कई पार्षदों ने फिल्मी गीत गए. वहीं कई महिला पार्षदों ने एकल और सामूहिक नृत्य की प्रस्तुति दी. लोक कलाकारों ने राधा-कृष्ण के रास का भी मंचन किया. शहर की सड़कों की दुर्दशा को लेकर लोक कलाकारों ने व्यंगात्मक लघु नाटिका भी प्रस्तुत की. इसके अलावा अजमेर स्मार्ट सिटी का मुद्दा भी व्यंग के बाणों से अछूता नहीं रहा. महिला और पुरुष पार्षद सभी मूल राजस्थानी परिवेश में नजर आए. फागोत्सव में हर्षोल्लास और उमंग के बीच फूलों की होली खेली गई.

