भाजपा प्रदेश कार्यालय में फागोत्सव की धूम, ये बोले प्रदेश अध्यक्ष राठौड़
भाजपा प्रदेश कार्यालय में फाग उत्सव मनाया गया. प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि त्यौहार हमारी संस्कृति के प्रतीक है. इन्हें खुशी से मनाएं.

Published : March 8, 2025 at 7:11 PM IST
|Updated : March 8, 2025 at 8:41 PM IST
जयपुर: भाजपा प्रदेश कार्यालय में मीडिया प्रकोष्ठ की ओर से शनिवार को फाग उत्सव का आयोजन किया गया. इसमें शेखावाटी के लोक कलाकारों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया. इस मौके पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि त्यौहार हमारी संस्कृति के प्रतीक है, इसे खुशी से मनाएं. इससे किसी को तकलीफ नहीं होनी चाहिए.
कार्यक्रम की शुरुआत राजस्थान की सांस्कृतिक धरोहर के प्रतीक गीत 'धरती धोरां री' से हुई. इसने सभी को भावविभोर कर दिया. लोक कलाकारों की चंग की थाप और आकर्षक प्रस्तुतियों पर भाजपा कार्यकर्ता झूम उठे. फागोत्सव में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे. इस दौरान राठौड़ व तिवाड़ी सहित अन्य नेताओं ने कलाकारों के साथ चंग बजाया. कार्यक्रम में शेखावाटी के कलाकारों ने फाग के पारंपरिक गीतों और नृत्यों के माध्यम से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया.
पढ़ें: जगदीश मंदिर में फाग उत्सव की धूम, ठाकुर जी के साथ भक्तों ने खेली अबीर और गुलाल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने इस आयोजन को पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए एकता और सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर बताया. उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम न केवल राजनीतिक बल्कि सांस्कृतिक दृष्टिकोण से भी बेहद खास रहा. इस तरह के कार्यक्रमों से हमारी युवा पीढ़ी को भी बहुत कुछ सीखने को मिलता है. त्योहार हमारी संस्कृति के प्रतीक हैं, इन्हें खुशी के साथ मनाना चाहिए. राठौड़ ने प्रदेशवासियों को होली की अग्रिम शुभकामनाएं दी और कहा कि कोशिश करें कि रंगों से ज्यादा फूलों की होली खेलें. आपकी वजह से किसी को कोई परेशानी नहीं हो. इसका विशेष ध्यान रखा जाए. त्योहार खुशियों बांटने का होता है और इसमें खुशियां ही बांटी जानी चाहिए.

