ETV Bharat / state

नक्सलियों के खिलाफ पुलिस - सीआरपीएफ को सफलता, पारसनाथ की तराई से बरामद हुआ विस्फोटक

नक्सलियों के खिलाफ गिरिडीह पुलिस और सीआरपीएफ को महत्वपूर्ण सफलता मिली है.

EXPLOSIVES RECOVERED
बरामद विस्फोटक के साथ पुलिस (ईटीवी भारत)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : August 20, 2025 at 5:23 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

गिरिडीहः नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के खिलाफ गिरिडीह पुलिस और सीआरपीएफ को महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है. पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने नक्सलियों द्वारा छिपा कर रखे गए विस्फोटक को बरामद किया है. यह बरामदगी जिले के खुखरा थाना क्षेत्र से हुई है. क्षेत्र पारसनाथ की तराई वाला बताया जा रहा है.

जो जानकारी मिली है उसके अनुसार नक्सलियों के खिलाफ पुलिस और सीआरपीएफ के द्वारा संयुक्त रूप से इलाके में सर्च अभियान चलाया जा रहा था. इस बीच गिरिडीह के पुलिस कप्तान डॉक्टर विमल कुमार एवं सीआरपीएफ 154 बटालियन के कमांडेंट सुनील दत्त तिवारी को यह सूचना मिली थी कि पारसनाथ के जंगल में किसी कांड को कारित करने के उद्देश्य से नक्सलियों द्वारा विस्फोटक छिपाकर रखा गया है.

जानकारी देते एसपी (ईटीवी भारत)

इस सूचना पर एसपी एवं कमांडेंट के निर्देश पर सीआरपीएफ के द्वितीय कमान अधिकारी कुमार ओमप्रकाश सिंह, एएसपी अभियान सुरजीत, सहायक कमांडेंट सीएच तोम्बा सिंह के नेतृत्व में एक टीम ने पूरे क्षेत्र को खंगालने का काम शुरू किया. इसी दौरान जोकाई नाला के पास विस्फोटक बरामद किया गया.

पूरे मामले की पुष्टि जिले के एसपी डॉ बिमल कुमार ने की है. बताया है कि जोकाई नाला ( चतरो कानाडीह ) के समीप गड्ढे में 300 मीटर कोडेक्स वायर, 13 लीटर एक्सप्लॉसिव केमिकल लिक्विड मिला है. टीम में निरीक्षक जीडी ओमप्रकाश के अलावा जिला पुलिस बल तथा सीआरपीएफ की टीम भी शामिल थी.

यहां बता दें कि जिले के पीरटांड प्रखंड खासकर पारसनाथ का तराईवाला इलाका कभी नक्सलियों की सेफ जोन में शुमार था. यहां नक्सलियों की चहलकदमी आम थी. आए दिन नक्सली घटनाओं को अंजाम देते रहते थे. हालांकि पिछले कुछ वर्षों से नक्सलियों की गतिविधि पर लगाम लगा है. पुलिस और सीआरपीएफ की टीम के संयुक्त प्रयास से इस क्षेत्र से नक्सलियों के पांव लगभग उखड़ ही गए हैं.

यहां यह भी बता दें कि संयुक्त बिहार में नक्सलवाद की पौध इसी क्षेत्र में तैयार हुई थी. 70 के दशक में यहां नक्सलवाद पनपा. यहां के कई लोग संगठन में शामिल होते गए जिसे संगठन में महत्वपूर्ण पद भी मिलता रहा. अभी वर्तमान में नक्सली संगठन के टॉप नेता मिसिर बेसरा ( एक करोड़ के इनामी ), अनल ऊर्फ पतिराम ( एक करोड़ के इनामी ), अजय महतो ( 25 लाख के इनामी ) समेत कई बड़े नक्सलियों का घर इसी क्षेत्र में हैं. ऐसे में इस क्षेत्र में पुलिस और सीआरपीएफ अभियान चलाती रहती है.

ये भी पढ़ें: तबाही के कगार पर झुमरा का लालगढ़, छह महीने में एक करोड़ के इनामी सहित 12 का एनकाउंटर!

दशकों बाद बदले हालात, कभी बूढ़ापहाड़ इलाके में नक्सली खौफ के कारण नहीं फहराया जाता था तिरंगा!

चाईबासा में नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, सारंडा में तीन बंकर ध्वस्त, भारी मात्रा में नक्सल सामग्री बरामद