ETV Bharat / state

हरियाणा में अचानक लाडो लक्ष्मी योजना के 2100 रुपए देने का ऐलान, क्या है बीजेपी सरकार का "मास्टर प्लान"?

हरियाणा में सीएम नायब सिंह सैनी ने अचानक से लाडो लक्ष्मी योजना के 2100 रुपए देने का ऐलान कर दिया. आखिर क्या है मास्टर प्लान

Explainer Suddenly announcement of giving 2100 rupees under Lado Laxmi Yojana in Haryana what is the master plan of BJP government
हरियाणा में लाडो लक्ष्मी योजना के 2100 रुपए देने का ऐलान (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : August 28, 2025 at 8:37 PM IST

8 Min Read
Choose ETV Bharat

चंडीगढ़ : हरियाणा में चुनावी संकल्प पत्र का सबसे बड़ा वादा आखिरकार पूरा करने की तरफ प्रदेश सरकार बढ़ गई है. बीजेपी ने घोषणा पत्र में महिलाओं को प्रतिमाह 2100 देने का वादा किया था, जो 25 सितंबर से लागू हो जाएगा. दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत मिलने वाली इस आर्थिक मदद को लेकर प्रदेश सरकार ने आज अचानक कैबिनेट की बैठक बुलाई और सभी को सरप्राइज़ देते हुए महिलाओं को दिवाली से पहले बिग गिफ्ट देने पर मुहर लगा दी.

सीएम ने दिया सरप्राइज़ : हरियाणा में कैबिनेट की बैठक के बाद नायब सिंह सैनी बाहर प्रेस कांफ्रेंस करने आए तो किसी ने सोचा भी नहीं था कि आज हरियाणा की महिलाओं को वो तोहफा मिलेगा जिसका वो चुनाव के बाद से ही इंतज़ार कर रही थी. लेकिन इंतजार खिंचता चला जा रहा था. हालांकि पिछले दिनों नायब सिंह सैनी ने खुद ही कहा था कि अगले साल बजट आने के बाद से महिलाओं को लाडो लक्ष्मी योजना की राशि मिलने लग जाएगी. ऐसे में सभी को बजट का इंतज़ार था लेकिन आज ही नायब सिंह सैनी ने हरियाणा की महिलाओं को लाडो लक्ष्मी योजना के 2100 रुपए देने का ऐलान कर दिया.

कुरुक्षेत्र में बजट के बाद 2100 रुपए देने की कही थी बात (Etv Bharat)

संकल्प पत्र गीता के समान : हरियाणा के सीएम नायब सैनी ने कैबिनेट की बैठक के बाद जब मीडिया को संबोधित किया तो उन्होंने कहा कि मानसून सत्र के सम्पन्न होने के एक दिन बाद हुई इस बैठक में एक ही एजेंडा था. उन्होंने कहा कि उनकी सरकार महिलाओं को लेकर गंभीर है और पीएम मोदी के कुशल नेतृत्व में उनकी डबल इंजन की सरकार में कल्याणकारी योजनाएं चल रही हैं. उन्होंने इस दौरान कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में गरीब मजबूत हुआ है. आजादी के बाद पीएम मोदी की नेतृत्व वाली सरकार ने ऐसी योजनाएं चलाई जिससे गरीब चिंता मुक्त हो गया. उन्होंने कहा कि हम चुनाव में जारी किए गए संकल्प पत्र को गीता के समान मानते हैं. इसलिए हम हर वादे को पूरा करेंगे, और हमारी सरकार ने 2014 में सत्ता में आने के बाद जो भी वादा किया, वो पूरा किया.

Explainer Suddenly announcement of giving 2100 rupees under Lado Laxmi Yojana in Haryana what is the master plan of BJP government
बीजेपी के संकल्प पत्र में था वादा (Etv Bharat)

कांग्रेस और आप निशाने पर : उन्होंने इस दौरान विपक्षी दलों कांग्रेस हो या आप दोनों को निशाने पर लेते हुए कहा कि कांग्रेस घोषणा पत्र लाती है और सत्ता में आने के बाद उसको डस्टबीन में डाल देती है. पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार भी उसी राह पर चल रही है. आप ने पंजाब में महिलाओं से जो वादा किया वो आज तक पूरा नहीं हुआ, जबकि वहां अगले चुनाव के लिए एक साल के करीब रह गया है, लेकिन हम हर संकल्प को पूरा कर रहे हैं.

Explainer Suddenly announcement of giving 2100 rupees under Lado Laxmi Yojana in Haryana what is the master plan of BJP government
लाडो लक्ष्मी योजना की पात्रता (Etv Bharat)

लाडो लक्ष्मी योजना 25 सितंबर से लागू : सीएम ने घोषणा करते हुए कहा कि कैबिनेट की बैठक में एक ही एजेंडा था, जिसके तहत महिलाओं के लिए दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना को लागू करने का फैसला लिया गया है. योजना के तहत गरीब परिवारों की महिलाओं को 2100 रुपये प्रति माह दिए जाएंगे. इस योजना की 25 सितम्बर 2025 से शुरुआत होगी.

Explainer Suddenly announcement of giving 2100 rupees under Lado Laxmi Yojana in Haryana what is the master plan of BJP government
हरियाणा लाडो लक्ष्मी योजना की जानकारी (Etv Bharat)

क्या नियम और शर्तें होगी ? : सरकार की तरफ से इसके लिए आयु सीमा भी तय की गई है जिसके तहत 23 वर्ष और उससे अधिक उम्र की सभी महिलाओं को इसका लाभ मिलेगा. विवाहित या अविवाहित दोनों को इसका लाभ मिलेगा. पहले चरण में 1 लाख से कम आय वाले परिवारों को इसमें शामिल किया गया है. आगामी समय में चरणबद्ध तरीके से और भी परिवार को इससे जोड़ा जाएगा. इस योजना के तहत लाभ पाने के लिए पिछले 15 साल से हरियाणा का निवासी होना जरूरी होगा. अगर एक परिवार में 3 पात्र महिला है तो तीनों को लाभ मिलेगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर किसी को 2100 से ज्यादा का लाभ किसी और योजनाओं का मिल रहा है तो उन्हें लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ नहीं मिलेगा.

इन महिलाओं को भी पैसे मिलेंगे : वहीं बड़ी बात कहते हुए सीएम ने कहा कि स्टेज 3 और 4 कैंसर पीड़ित मरीजों और अन्य 54 दुर्लभ बीमारियों से ग्रसित महिलाओं को अगर पेंशन मिल रही है, तो उन्हें भी लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ मिलेगा. सरकार द्वारा पहले से चलाई जा रही ऐसी 9 योजनाओं, जिनमें आवेदिका को पहले से ही अधिक राशि की पेंशन का लाभ मिल रहा है, उन्हें लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ नहीं मिलेगा. जिस दिन संबंधित महिला वृद्धा अवस्था में पहुंचेगी और अगर विधवा होती है तो उसको उस कैटेगिरी की पेंशन खुद मिलेगी.

Explainer Suddenly announcement of giving 2100 rupees under Lado Laxmi Yojana in Haryana what is the master plan of BJP government
हरियाणा सीएम नायब सिंह सैनी (Etv Bharat)

एप भी लॉन्च किया जाएगा : सीएम ने कहा कि योजना के तहत 19 से 20 लाख महिलाओं को पहले चरण में लाभ मिलेगा. इसके लिए अगले सप्ताह गैजेट नोटिफिकेशन और आने वाले दिनों में एक एप भी लॉन्च किया जाएगा जिस पर पात्र महिला घर बैठकर ही अप्लाई कर सकेंगी. इसके साथ ही सरकार पात्र महिला को आवेदन के लिए मैसेज भी करेगी. सभी पात्र महिलाओं की सूची सभी पंचायत और वार्डों में प्रकाशित की जाएगी. सभी ग्राम सभाओं और वार्ड सभाओं को सूची पर कोई भी आपत्ति दर्ज करने का अधिकार होगा. योजना पर हर साल पांच हजार करोड़ रुपए का खर्च आएगा.

क्या पंजाब चुनाव पर है नजर ? : वहीं उन्होंने गैर बीजेपी शासित राज्यों पर हमला करते हुए कहा कि वहां की सरकारें अपने वादे पूरे नहीं कर पाई. लेकिन ये नरेंद्र मोदी की गारंटी है जो पूरी होती है, कांग्रेस की गारंटी चाइनीज़ है. क्या पंजाब चुनाव को देखते हुए ये सब हो रहा है ? इस सवाल पर सीएम ने कहा कि पंजाब में अगर बीजेपी की सरकार बनेगी तो वहां भी हम इस पर काम करेंगे. उन्होंने कहा कि हरियाणा में सभी फसलें एमएसपी पर खरीदी जाती हैं, जबकि पंजाब की स्थिति देख लो. पंजाब के चुनाव का विषय नहीं है, लोग देखते हैं. पंजाब की जनता हरियाणा में मिल रही सुविधाओं को देखती हैं.

क्या कहते हैं जानकार ? : वहीं इस योजना के राजनीतिक मायने क्या हैं? क्योंकि सामान्य तौर पर ऐसे वादे पार्टियां चुनावी वर्ष में पूरा करती हैं, और हरियाणा में तो ऐसा नहीं है. इस पर बात करते हुए राजनीतिक मामलों के जानकर धीरेंद्र अवस्थी कहते हैं कि जिस तरह की इस योजना को लेकर नियम और शर्तें तय की गईं हैं, और इसको फेज वाइज़ लागू करने की बात कही गई है, उसको देखकर इसके राजनीतिक मायने भी दिखते हैं. वे कहते हैं कि भले ही हरियाणा में अभी चुनाव नहीं है, लेकिन आने वाले समय में बिहार और पंजाब में भी चुनाव होने हैं. ऐसे में वर्तमान परिस्थितियों में जो राजनीतिक माहौल देश में बना हुआ है, उससे लोगों में कुछ बदलाव हो, इसकी मंशा के तहत ये कदम उठाया गया लगता है. वहीं बीजेपी इससे बिहार और पंजाब दोनों के चुनाव को जरूर साधेगी. ये एक तरह का संदेश है जो वोटर के साथ साथ अन्य राजनीतिक दलों के लिए भी है.

लाडो लक्ष्मी योजना की जानकारी देते हरियाणा सीएम नायब सिंह सैनी (Etv Bharat)

हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App

ये भी पढ़ें : लंदन चले हरियाणा के गूगल बॉय कौटिल्य पंडित, ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में पढ़ेंगे, दादा के "प्यार" ने ऐसे बदली ज़िंदगी

ये भी पढ़ें : कुरुक्षेत्र में "बाणगंगा" के अनसुलझे रहस्य, कभी नहीं सूखने वाले सरोवर के साथ एक "धातु" भी बना हुआ मिस्ट्री

ये भी पढ़ें : हरियाणवी बार्बी डॉल पूजा को देख सब हैरान, रोबोटिक अंदाज और ठेठ देसी पहनावे से सोशल मीडिया पर मचा रहीं धूम