श्रीनगर मेडिकल कॉलेज में शुरू हुई एंडोस्कोपी जांच, गढ़वाल के मरीजों को मिलेगा लाभ - Endoscopy test started in Base Hospital
Endoscopy test started in Base Hospital राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के बेस अस्पताल में एंडोस्कोपी जांच शुरू हो चुकी है. इससे सबसे ज्यादा फायदा गढ़वाल क्षेत्र के लोगों को मिलेगा. अभी तक एंडोस्कोपी के लिए मरीजों को देहरादून के चक्कर काटने पड़ते थे.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : June 8, 2024 at 6:08 PM IST
|Updated : June 8, 2024 at 6:28 PM IST
श्रीनगरः राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के बेस चिकित्सालय में आज से मरीजों की एंडोस्कोपी की जांच शुरू हो गई है. जांच के पहले दिन चमोली और रुद्रप्रयाग जिले से आए आठ मरीजों की जांच बेस अस्पताल में की गई. इसके साथ-साथ एंडोस्कोपी के संबंध में मेडिसिन विभाग के संकाय सदस्यों एवं यूनिट टेक्नीशियनों की भी दो दिवसीय ट्रेनिंग वर्कशॉप भी शुरू हो गई है.
प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के निर्देश पर मरीजों की एंडोस्कोपी जांच के साथ ही ट्रेनिंग वर्कशॉप हेतु सोबन सिंह जीना राजकीय आयुर्विज्ञान एवं शोध संस्थान अल्मोड़ा के चिकित्सा अधीक्षक एवं मेडिसिन विभाग के एचओडी डॉ. अशोक कुमार श्रीनगर पहुंचे. उनके द्वारा ही आज मरीजों की एंडोस्कोपी की जांच की गई.
आज से शुरू हुई एंडोस्कोपी जांच सुबह दस बजे से बेस चिकित्सालय के मेडिसिन विभाग के वार्ड के समीप खुले एंडोस्कापी सेंटर में हर दिन की जाएगी. बेस चिकित्सालय के अपर चिकित्सा अधीक्षक एवं मेडिसिन विभाग के एचओडी डॉ. केएस बुटोला ने बताया कि जिन मरीजों को डॉक्टर द्वारा एंडोस्कोपी जांच के लिए परामर्श दिया गया है. उनकी जांच शुरू हो गई है.
उन्होंने बताया कि इसके साथ ही एंडोस्कोपी जांच की संकाय सदस्यों के साथ ही टेक्नीशियनों की वर्कशॉप भी आयोजित की जा रही है. जिससे सभी लोग इस जांच को ओर भी तेजी से कर सके. बता दें कि इससे पहले एंडोस्कोपी जांच के लिए रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी, पौड़ी के लोगों को देहरादून और ऋषिकेश जाना पड़ता था. इसके लिए लोगों को थका देने वाला सफर और महंगी फीस चुकानी पड़ती थी.
ये भी पढ़ेंः श्रीनगर बेस अस्पताल में अब सुबह साढ़े 8 बजे से शुरू होगा ओपीडी रजिस्ट्रेशन, मरीजों को मिलेगी सहूलियत

