देहरादून में बुजुर्ग महिला को रॉटविलर कुत्तों ने करीब 15 मिनट तक नोचा, डॉक्टरों ने बताया कैसी है हालत
देहरादून में रॉटविलर नस्ल के कुत्तों के हमले में घायल बुजुर्ग महिला अस्पताल में लड़ रही है जिंदगी से लड़ाई, अब ये है हालत

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : July 8, 2025 at 6:41 PM IST
|Updated : July 8, 2025 at 7:35 PM IST
देहरादून: दून शहर में पालतू कुत्तों का हमला करना कोई सामान्य घटना नहीं है. यह सिस्टम के लापरवाह होने की तरफ इशारा करती है. यदि ऐसा नहीं है तो देहरादून में कैसे रॉटविलर, पिटबुल, डाबरमैन, अमेरिकन बुली जैसी खतरनाक प्रजातियों के कुत्तों के हमले आम होते जा रहे हैं. ताजा घटना में कुत्तों के हमले की शिकार बुजुर्ग महिला जिंदगी की जंग लड़ रही है.
बताया जा रहा है कि महिला के हाथों और कान पर गंभीर चोटें आई हैं. हमले के बाद बुजुर्ग को 100 से ज्यादा टांके लगाए गए हैं. डॉक्टरों की टीम कई घंटे तक ऑपरेशन कर महिला को बचाने की कोशिश कर रही है. पहले भी पालतू कुत्तों के हमले से कई लोग गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं. वहीं, बुजुर्ग महिला के बेटे ने पूरा घटनाक्रम बताया और कार्रवाई की मांग की है.
"पड़ोसी ने रॉटविलर नस्ल के दो कुत्ते पाल रखे हैं. रविवार की सुबह मेरी माता कौशल्या देवी मंदिर जा रही थी. घर का गेट खुले रहने पर कुत्तों ने माता जी पर हमला कर दिया. करीब 10 से 15 मिनट तक कुत्ते उनकी माता को नोचते रहे. स्थानीय लोगों ने कुर्सियों और डंडों से मारकर कुत्तों का भगाया, लेकिन तब तक माता जी गंभीर रूप से घायल हो गई थीं."- उमंग निर्वाल, बुर्जुग महिला का बेटा
बुजुर्ग को कुत्तों ने बुरी तरह से नोचा है. जिसमें हड्डी तक टूट चुकी है. बुजुर्ग के बेटे उमंग निर्वाल ने बताया कि पहले भी स्थानीय लोग शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है.
"कुत्तों ने मेरी माता जी के दोनों कान को पूरी तरह से नोच रखा है. हाथ की दो हड्डी टूटी हुई है. कई घंटों के आपरेशन के बाद हाथ में प्लेट लगी है और बॉडी में कई जगह से मांस भी खत्म कर दिया गया है. आसपास के लोगों का कहना है कि इन कुत्तों ने पहले भी कई लोगों पर हमला किया है. शिकायत करने के बावजूद किसी भी तरह की कोई सुनवाई नहीं है."- उमंग निर्वाल, बुर्जुग महिला का बेटा
डॉक्टरों ने क्या बताया? वहीं, बुजुर्ग महिला का इलाज कर रहे डॉक्टर मोहन लाल का कहना है कि 'महिला की हाथ सर्जरी की गई है. महिला के हाथ, पैर और कान पर गंभीर घाव है. हाथ की दो जगह से हड्डी टूटी हुई थी. अभी महिला को मेडिकल निगरानी में रखा गया है. क्योंकि, ऐसे मामलों में संक्रमण फैलने का भी खतरा रहता है. इसलिए पूरी सतर्कता बरती जा रही है. नाक, कान, गला रोग, हड्डी रोग और प्लास्टिक सर्जरी विभाग के डॉक्टर मिलकर महिला का इलाज कर रहे हैं.'
बता दें कि भारत सरकार ने 23 खतरनाक नस्ल के कुत्तों के पालने, आयात, ब्रीडिंग और खरीद फरोख्त पर रोक लगाई है. ऐसी नस्ल के किसी भी डॉग को पालने का लाइसेंस या बेचने का परमिट देने पर प्रतिबंध लगाया है, लेकिन कई जगहों पर नियमों को ठेंगा दिखाया जा रहा है.
इन खतरनाक नस्ल के कुत्तों को पालने पर है पाबंदी-
- पिटबुल टेरियर
- टोसा
- अमेरिकन स्टेंफोर्डशायर टेरियर
- फिला ब्रेसिलिएरो
- डोगो अर्जेन्टिनो
- अमेरिकन बुलडॉग
- बोरबोएल
- कंगल
- सेंट्रल एशियन शेफर्ड
- कोकाशियन शेफर्ड डॉग
- साउथ रशियन शेफर्ड डॉग
- टार्नजैक सार्पलेनिएक
- जैपेनीज टोसा
- अकिता
- मिस्टिफ
- रॉटविलर
- टेरियर्स
- रोडेशियन रिजबैक
- वुल्फ डॉग
- कैनारियो अबेकस डॅाग
- मास्को गार्ड डॉग
- केन कोर्सो
- बैंडोग
एसएसपी अजय सिंह की अपील: देहरादून एसएसपी अजय सिंह का कहना है कि दून शहर में नस्ल के डॉग्स की ओर से लोगों पर हमला किए जाने की शिकायतें मिली हैं. जिसके मद्देनजर आम जनता से अपील है कि यदि आपके आस-पास खतरनाक नस्ल के कुत्तों से किसी भी प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है तो तत्काल इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 112 या नगर निगम कार्यालय को दे सकते हैं.
घटना के बाद जागा नगर निगम: बुर्जुग महिला पर प्रतिबंधित प्रजाति के कुत्तों के जानलेवा हमले के बाद नगर निगम की टीम भी हरकत में आ गई है. नगर निगम की टीम पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर कुत्ते पालने वालों की जांच करेगा. पंजीकरण न करने वालों या नियमों का उल्लंघन करने पर चालान किए जाएंगे. प्रतिबंधित प्रजाति के कुत्ते रखने वालों पर नगर निगम खुद के अधिकारों से भारी भरकम जुर्माना लगा सकता है.
"आरोपी नफीस के खिलाफ 124/125 धारा 291 बीएनएस के मुकदमा दर्ज कर हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है. मुकदमे में विवेचक को अस्पताल भेजा गया है. अस्पताल में बुजुर्ग महिला की हालत देखी जाएगी. अगर हालत गंभीर है तो आरोपी के खिलाफ धारा बढ़ाई जाएगी."- शैंकी कुमार, राजपुर थाना प्रभारी
संबंधित खबर पढ़ें-
- देहरादून में रॉटविलर डॉग्स के काटने से महिला को लगे 100 से ज्यादा टांके, गंभीर हालत में ICU में भर्ती
- देहरादून में मंदिर जा रही बुजुर्ग महिला पर रोटविलर कुत्तों ने किया हमला, हालत गंभीर

