ETV Bharat / state

घर में सो रही बुजुर्ग महिला को उठा ले गया गुलदार, दूर खेत में मिली लहूलुहान, अस्पताल में तोड़ा दम

हल्द्वानी में गुलदार के हमले में बुजुर्ग महिला की मौत हो गई. गुलदार महिला को घर से उठाकर ले गया था.

Woman dies in leopard attack
घर में सो रही बुजुर्ग महिला को उठा ले गया गुलदार (PHOTO-ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : June 1, 2025 at 8:20 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

हल्द्वानी: नैनीताल के हल्द्वानी बल्यूटी ग्राम सभा के मोरा तोक में गुलदार घर से अंदर सो रही बुजुर्ग महिला को उठाकर ले गया. 71 वर्षीय बुजुर्ग महिला घर का दरवाजा खोलकर सो रही थी. परिवार और आसपास के लोगों के शोर मचाने पर गुलदार बुजुर्ग को घर से नीचे खेत में छोड़कर भाग गया. गंभीर हालत में बुजुर्ग को उपचार के लिए एसटीएच लाया गया. जहां रविवार उसने दम तोड़ दिया. वन विभाग ने घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी है. घटना शनिवार देर रात की बताई जा रही है.

नैनीताल वन प्रभाग की मनोरा रेंज के मोरा तोक निवासी 71 वर्षीय पुष्पा देवी पत्नी स्व. नर सिंह शनिवार को रोज की तरह अपने घर में सोई थी. घर के पहली मंजिल पर उनका परिवार सो रहा था. गर्मी के चलते पुष्पा दरवाजा खोलकर सोई थीं. रात करीब साढ़े 10 बजे जंगल से निलककर आया गुलदार घर के अंदर घुसकर वृद्धा को उठा ले गया. महिला के चिल्लाने पर परिवार और पड़ोसी जागे. हो-हल्ला किया तो गुलदार पुष्पा देवी को घर से तीन-चार खेत नीचे छोड़कर भाग गया.

ग्रामीण और परिवारजनों पुष्पा देवी की तलाश की. एक घंटे बाद वह खेत में लहुलूहान हालत में मिली. ग्रामीण उनको किसी तरह से घर पर लाए. इसके बाद पुष्पा देवी को भुजियाघाट तक लाया गया. जहां 108 एंबलेंस से सुबह सवा चार बजे उन्हें एसटीएच पहुंचाया. जहां इलाज के दौरान रविवार को बुजुर्ग महिला ने दम तोड़ दिया.

मनोरा रेंज के रेंजर मुकुल शर्मा ने बताया कि हमलावार प्रथम दृष्टया गुलदार प्रतीत हो रहा है. सैंपल जांच के लिए देहरादून लैब भेज दिए गए हैं. गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया जा रहा है. घटना के बाद से लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है. लोगों ने गुलदार को पकड़ने की मांग की है.

ये भी पढ़ें: