सीएम रेखा ने दी पूर्वी दिल्ली के स्टूडेंट्स को सौगात, DU एसओएल का नया एकलव्य भवन खुला, जानिए क्या हैं सुविधाएं
दिल्ली विश्वविद्यालय का यह स्वाध्याय भवन उस लक्ष्य की ओर एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगा-CM रेखा गुप्ता

Published : September 22, 2025 at 7:41 PM IST
नई दिल्ली: दिल्ली के दिलशाद गार्डन इलाके में दिल्ली विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (एसओएल) का पूर्वी क्षेत्रीय केंद्र “एकलव्य भवन” आज छात्रों को समर्पित किया गया. इस नए कैंपस का उद्घाटन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया.
भव्य कार्यक्रम में मंच साझा करते हुए केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि यह दिन उनके लिए जीवन का एक अहम क्षण है. उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे बदलाव और नई पहलें आने वाली पीढ़ी के लिए मजबूत आधार तैयार करेंगी. उन्होंने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से जुड़ी अपनी पुरानी यादें भी साझा कीं और बताया कि जब वह डूसू की जिम्मेदारी निभा रही थीं, तब उन्होंने फोन पर संपर्क किया था. प्रधान ने कहा कि आज वही साथी अलग-अलग जिम्मेदारियों में एक मंच पर हैं, यह शिक्षा की ताकत का प्रतीक है.
माननीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के जन्मदिवस अवसर पर 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक चल रहे सेवा पखवाड़े के अंतर्गत लगातार नई सेवाएं दिल्लीवासियों को समर्पित की जा रही हैं।
— Rekha Gupta (@gupta_rekha) September 22, 2025
इसी क्रम में आज केंद्रीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान जी की गरिमामयी उपस्थिति में दिल्ली… pic.twitter.com/Y8j1U4FqsM
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह भवन न केवल पूर्वी दिल्ली बल्कि पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के छात्रों को उच्च शिक्षा की सुविधा देने में मील का पत्थर साबित होगा. उन्होंने कहा कि ओपन लर्निंग सिस्टम उन छात्रों के लिए वरदान है, जो नौकरी या अन्य कारणों से नियमित कक्षाओं में नहीं आ सकते. इस केंद्र के माध्यम से उन्हें बेहतर संसाधन और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी.

इस अवसर पर उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी और भाजपा नेता आशीष सूद भी मौजूद रहे. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और स्थानीय लोग शामिल हुए.

नई बिल्डिंग में अत्याधुनिक क्लासरूम, डिजिटल लाइब्रेरी और सेमिनार हॉल जैसी सुविधाएं तैयार की गई हैं. अधिकारियों का कहना है कि एकलव्य भवन की शुरुआत से अब छात्रों को लंबी दूरी तय किए बिना ही अपनी शैक्षणिक और प्रशासनिक जरूरतें पूरी करने का अवसर मिलेगा.

इस तरह यह उद्घाटन न केवल एक नए शैक्षणिक केंद्र की शुरुआत है, बल्कि शिक्षा के प्रसार और सुलभता की दिशा में बड़ा कदम भी है.
ये भी पढे़ें- दिल्ली विश्वविद्यालय को कोर्ट का निर्देश, एडमिशन में स्पोर्ट्स कोटे के लिए अनिवार्य 5 फीसद आरक्षण का पालन करे
ये भी पढ़ें- DUSU ELECTION: छात्र राजनीति का मिनी थिएटर; देश की आजादी से लेकर अब तक निभा रहा प्रभावी भूमिका

