दुर्ग में स्कूल बस हादसे का शिकार, ट्रक ने मारी टक्कर, 3 बच्चों को आई चोट, तुरंत किया गया शिफ्ट
दुर्ग जिले में छात्रों से भरी बस को पीछे से ट्रक ने टक्कर मारी है. गनीमत रही कि बच्चों को ज्यादा चोट नहीं आई है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : October 9, 2025 at 3:33 PM IST
|Updated : October 9, 2025 at 4:01 PM IST
दुर्ग: जिले में एक स्कूल बस हादसे का शिकार हो गई. एक ट्रक ने छात्रों से भरी बस को टक्कर मार दी. हादसे में बस के ड्राइवर के सिर में चोट आई है और तीन बच्चे घायल हुए हैं. टक्कर मारने के बाद ट्रक ड्राइवर ट्रक छोड़कर फरार हो गया.
बच्चों को शिफ्ट किया गया: आसपास के लोगों ने तुरंत बच्चों को बस से बाहर निकालकर सुरक्षित जगह पर पहुंचाया. हादसे के बाद बच्चे काफी डरे हुए थे. स्कूल प्रबंधन भी मौके पर पहुंचा और बच्चों को दूसरी बस में शिफ्ट कर सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया.
ड्राइवर की तलाश: बताया गया कि सड़क पर अचानक ट्रैफिक धीमा हो गया था, लेकिन ट्रक चालक ने अपनी स्पीड कम नहीं की और बस से जा भिड़ा. गनीमत रही कि बच्चों को गंभीर चोट नहीं आई है. हालांकि बस क्षतिग्रस्त हो गई है. छावनी थाना पुलिस फिलहाल ड्राइवर की तलाश कर रही है.

2 दिन पहले ट्रैक्टर चालक की लापरवाही आई थी सामने: 7 अक्टूबर को जिले के गया नगर क्षेत्र में भी एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ था. इसमें तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से मां और बच्ची की मौत हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रैक्टर चालक ने ओवरटेक करने की कोशिश की थी, इसी दौरान ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक अनबैलेंस हो गई. जिससे बाइक सवार पत्नी और बच्ची उसके पहिए के नीचे आ गए.
कवर्धा में 5 अक्टूबर को हादसे में 5 लोगों की मौत: कवर्धा से गुजरने वाली रायपुर जबलपुर नेशनल हाईवे पर रविवार को सड़क हादसा हुआ. अकलघरिया गांव के पास कार और ट्रक की आमने-सामने की जबरदस्त टक्कर हो गई. इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि तीन अन्य लोगों ने अस्पताल में दम तोड़ दिया.

