ETV Bharat / state

DU Exam 2025-26: UG व PG पाठ्यक्रम छात्रों के लिए परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि घोषित, यहां पढ़ें

डीयू ने संबंधित सभी कॉलेजों को निर्देश दिया है कि छात्रों तक समय सीमा की जानकारी दी जाए. जानें इसके बारे में..

दिल्ली विश्वविद्यालय
दिल्ली विश्वविद्यालय (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Delhi Team

Published : October 1, 2025 at 11:00 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

नई दिल्ली: दिल्ली विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के नियमित, नॉन-कोलेजिएट वूमेन एजुकेशन बोर्ड (एनसीवेब) और स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (एसओएल) छात्रों के लिए परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि घोषित कर दी है. विश्वविद्यालय प्रशासन की तरफ से जारी अधिसूचना के अनुसार, सेमेस्टर-I, III और V के छात्र-छात्राओं को अपने परीक्षा फॉर्म, निर्धारित समय सीमा के अंदर ऑनलाइन पोर्टल पर भरना होगा.

विश्वविद्यालय ने सभी संबंधित कॉलेजों और विभागों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने छात्रों को समय सीमा की जानकारी दें और छात्रों को फॉर्म भरने में मदद करें. विशेष रूप से एनसीवेब (NCWEB) और एसओएल (SOL) के छात्रों के लिए भी यह तिथि समान रूप से लागू होगी. इन इकाइयों से हजारों छात्र-छात्राएं परीक्षा में सम्मिलित होते हैं, ऐसे में विश्वविद्यालय ने समय पर फॉर्म भरने पर जोर दिया है.

बिना लेट फीस के 15 अक्टूबर तक भर सकेंगे फॉर्म: डीयू के जॉइंट रजिस्ट्रार (परीक्षा) जीके सिंह ने कहा कि बिना लेट फीस के परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर रात 11:59 बजे तक है. इसके बाद, जो छात्र निर्धारित तिथि तक फॉर्म भरने में असफल रहेंगे, वह लेट फीस जमा कर फॉर्म भर सकेंगे. इसके लिए आखिरी तारीख 30 अक्टूबर तय की गई है. इसके बाद किसी भी परिस्थिति में फॉर्म एक्सेप्ट नहीं किए जाएंगे.

जरूर होगा वेरिफिकेशन: जॉइंट रजिस्ट्रार जीके सिंह ने आगे कहा कि परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया पूरी तरह से ऑनलाइन होगी और इसके लिए विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर लिंक उपलब्ध कराया गया है. छात्रों को फॉर्म भरते समय अपने सभी शैक्षणिक विवरण जैसे-नामांकन संख्या, कोर्स का नाम, विषय कोड और अन्य व्यक्तिगत जानकारी सही-सही भरना होगा. साथ ही, जिन छात्रों के परिणाम या आंतरिक मूल्यांकन संबंधित कार्य लंबित हैं, उन्हें परीक्षा फॉर्म भरने से पहले संबंधित कॉलेज या विभाग से वेरिफिकेशन कराना जरूरी होगा. उन्होंने कहा कि समय पर फॉर्म भरने से छात्रों को परीक्षा संबंधी प्रक्रिया में किसी प्रकार की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा. वहीं, जिन छात्रों को फॉर्म भरने में तकनीकी समस्या आ रही है, वे अपने कॉलेज प्रशासन या विश्वविद्यालय के हेल्पडेस्क से संपर्क कर सकते हैं.