भागलपुर में भीषण सड़क हादसा, दो ट्रकों की आमने-सामने की भिड़ंत, ड्राइवर की मौत, 4 गंभीर
भागलपुर के नवगछिया में 1 किमी दूर तक लोग ट्रकों की आवाज से दहल गए. दो ट्रकों की भिड़ंत में ड्राइवर की मौत हो गई.

Published : May 14, 2025 at 2:18 PM IST
भागलपुर: बिहार के भागलपुर के नवगछिया के एनएच 31 पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला. ताजा मामला नवगछिया के भवानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बलहा गांव के समीप एनएच-31 पर मंगलवार देर रात करीब 2 बजे घटी, जब दो ट्रकों की आमने-सामने भिड़ंत में एक चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गयी.
ट्रकों की टक्कर की आवाज से सहमा इलाका: वहीं चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई. वाहनों की टक्कर की आवाज करीब एक किलोमीटर तक सुनाई दी, जिससे स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और इस घटना की सूचना पुलिस को फौरन दी गई.
दो ट्र्कों के बीच जोरदार टक्कर: : मिली जानकारी के अनुसार, नवगछिया की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने भवानीपुर की दिशा से आ रहे दूसरे ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी. भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ट्रकों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. हादसे के तुरंत बाद भवानीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल वाहन चालकों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल पहुंचाया. गंभीर स्थिति को देखते हुए सभी घायलों को मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया है.
ट्रक चालक की मौत: सड़क हादसे में मृतक की पहचान समस्तीपुर निवासी ट्रक चालक रामनाथ राय (36) के रूप में हुई है, जबकि उपचालक अरविंद सिंह (66) समेत तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं. सभी को मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है.
"रात करीब 1:00 बजे के आसपास हाजीपुर से हम लोग पूर्णिया सर्फ लेकर जा रहे थे. इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दिया. मेरे गाड़ी के ड्राइवर की मौत हो गई. सामने वाली गाड़ी के भी ड्राइवर और खलासी घायल हैं."- अरविंद सिंह, घायल खलासी
पुलिस ने ट्रकों को किया जब्त: पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त ट्रकों को जब्त कर लिया है और घटना की जांच शुरू कर दी है. साथ ही ट्रक मालिकों को हादसे की जानकारी दे दी गई है, जो समस्तीपुर से भागलपुर के लिए रवाना हो चुके हैं. मृतक के परिजन भी सूचना मिलते ही भागलपुर पहुंच रहे हैं.
तेज रफ्तार और अंधेरा घटना का कारण!: मालूम हो कि दो दिन पहले भी इसी एनएच 31 पर दो भारी वाहनों की आपस में भिड़ंत हो गयी थी. इन वाहनों में आग लग गई थी और हाइवा चालक की जलने से दर्दनाक मौत हो गयी थी. प्रारंभिक जांच में बताया गया है कि तेज रफ्तार और अंधेरे के कारण ट्रक असंतुलित हो गया, जिससे आमने-सामने की भीषण टक्कर हुई.
दोनों ट्रक को कब्जे में लिया गया है. मृतक चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. मृतक के परिजनों को सूचित किया गया है.- महेश कुमार, भवानीपुर थाना अध्यक्ष
ये भी पढ़ें
बिहार में दर्दनाक हादसा, ट्रक और हाइवा में भीषण टक्कर, चालक की जलकर मौत
बिहार में दर्दनाक हादसा! बारातियों से भरी बस और ट्रक में भीषण टक्कर, तीन की मौत
मातम में बदली शादी की खुशियां! दोस्त की बारात जा रहे दो भाइयों की मौत, वाहन ने मारी टक्कर
दुल्हन लाने घर से निकला, पिता की अर्थी लेकर लौटा, बिहार में मातम

