फोन और सोशल मीडिया से दूर, पांच की उम्र में याद किया शिव तांडव स्तोत्र, नरेद्र मोदी जैसा बनना चहती हैं हृदया
जोधपुर की 'व्योमिका सिंह' यानी हृदया पुरोहित, जिसने शिव तांडव स्त्रोत सुनाकर सभी को हैरान कर दिया था. संवाददाता मनोज वर्मा ने की खास बातचीत.

Published : May 21, 2025 at 2:37 PM IST
जोधपुर : शिव तांडव स्तोत्र व्यस्क के लिए भी याद करना और उसके बाद उसका संस्कृत में पाठ करना आसान नहीं है. वहीं, जोधपुर की पांच साल की हृदया पुरोहित ने जिस उत्साह और आत्मविश्वास से शिव तांडव स्त्रोत हजारों की भीड़ में मंच से गाया, इसके बाद से वह पूरे देश में लोकप्रिय हो गई हैं. जिस उम्र में बच्चे ढंग से बोलते नहीं हैं, उस उम्र में हृदया धड़ल्ले से संस्कृत के श्लोक बोलती है. ईटीवी भारत ने परिवार से खास बात की.
हृदया बताती है कि उसे संस्कृत के श्लोक उसकी मां ने सीखाए हैं. इस दौरान हृदया से पूछा कि वह क्या वह व्योमिका सिंह बनना चाहती हैं? इस पर उन्होंने कहा कि नहीं, वो बड़े होकर नरेंद्र मोदी बनना चाहती हैं. हृदया के पिता बताते हैं कि उसके आत्मविश्वास की सबसे बड़ी वजह है मोबाइल से दूरी. उसे खुद पता नहीं है कि वह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है.
मोबाइल और सोशल मीडिया से दूर रखा : मां डॉ. नूपुर पुरोहित ने बताया कि उन्होंने बच्चों को मोबाइल और सोशल मीडिया से दूर रखा, जिससे वह एकाग्र हो सकें. वह स्कूल के आयोजन में भी अव्वल रहती है. फिलहाल हृदया प्रेप में पढ़ रही है. उन्होंने बताया कि हृदया को संस्कृत के श्लोक टुकड़ों-टुकड़ों में याद करवाए थे. घर में काम करते हुए बच्चों को उलझाने के लिए श्लोक बोलती हूं, जिसे वह दोहराती हैं. इससे धीरे-धीरे श्लोक उसे कंठस्थ हो गए. पिता राहुल पुरोहित ने बताया कि हृदया को अपने देश के महापुरुषों के बारे में बताते हैं. उनके जीवन से जुड़ी किताबें देते हैं. फोन और टीवी से दूर रखते हैं. इसे सिर्फ इतना पता है कि मोबाइल का उपयोग बात करने के लिए होता है.

पढ़ें. Rajasthan: भीलवाड़ा की यह 4 साल की मासूम मोह रही है सबका मन, शिव तांडव स्तोत्र है कंठस्थ
तिरंगा यात्रा में बनी व्योमिका सिंह : हृदया का शिव तांडव स्त्रोत का पाठ करते हुए वीडियो केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, गुजरात के गृह मंत्री हर्ष सांघवी सहित कई इंफ्लुएंसर्स ने वीडियो पोस्ट किए हैं, जिन पर लाखों को व्यूज आ रहे हैं. दरअसल, जोधपुर में रविवार को आपरेशन सिंदूर के बाद सेना का मनोबल बढ़ाने के लिए तिरंगा यात्रा निकाली गई थी. इस यात्रा में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ सहित कई भाजपा के दिग्गज नेता मौजूद थे. उनके सामने हृदया ने शिव तांडव स्त्रोत सुनाया तो हर कोई हैरान था. हृदया का वीडियो तेजी से इंटरनेट पर वायरल हो गया. पांच साल की हृदया ने जिस आत्मविश्वास से शिव तांडव स्त्रोत का पाठ किया उसे देख सब हतप्रभ थे. रविवार को निकली तिरंगा यात्रा में हृदया ने पहलगाम घटना का वर्णन भी किया.


